दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
सोमवती अमावस्या पर नर्मदा घाट पर डूब रही 3 वर्षीय बच्ची को SDERF जवानों ने सुरक्षित बचाया। पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम ने कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित किया। पोस्ट ऑफिस घाट पर एक हृदयस्पर्शी घटना घटी। बैंक कॉलोनी नई बस्ती निवासी ऋषभ सराठे पंकज सराठे अपनी 3 वर्षीय पुत्री अदिति सराठे के साथ परिवार सहित नर्मदा स्नान के लिए पहुंचे थे। स्नान के दौरान अचानक बच्ची का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगी। परिजनों के चिल्लाने पर ड्यूटी पर तैनात SDERF के सैनिक अभिषेक राजपूत बैच नंबर 177 और सैनिक संतोष शुक्ला बैच नंबर 194 ने तुरंत पानी में छलांग लगा दी। जवानों ने कुछ ही पलों में बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला। बच्ची के अचेत अवस्था में होने पर उन्होंने रिकवरी पोजिशन में लिटाकर प्राथमिक उपचार दिया और एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उपचार के बाद बच्ची को खतरे से बाहर घोषित किया। वर्तमान में बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है। पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा द्वारा पुलिस सैनिक अभिषेक राजपूत और सैनिक संतोष शुक्ला को उनकी कर्तव्यनिष्ठा और बहादुरी के लिए सम्मानित किया एवं भविष्य में भी इसी जज्बे के साथ ड्यूटी करने हेतु शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन सहित जिला विशेष शाखा प्रभारी निरीक्षक शंकर सिंह मुजाल्दे भी उपस्थित रहे।

