ब्लैक स्पॉट की संख्या में कमी , घटनाओं में कमी लाने पर भी प्रशंसा
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
शहर में शुक्रवार को जिले के दुर्घटनाओं और रोकथाम के प्रयासों की डीआईजी ने की समीक्षा। पुलिस प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान पुलिस मुख्यालय भोपाल के डीआईजी टी के विद्यार्थी द्वारा जिले के सड़क दुर्घटनाओं, रोकथाम के प्रयास और सड़क सुरक्षा के नवाचारों की समीक्षा की गई । पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित समीक्षा बैठक में श्री विद्यार्थी के साथ डीआईजी प्रशांत खरे, एसपी साईं कृष्णा एस थोटा, डीएसपी यातायात संतोष मिश्रा, एसडीओपी जितेंद्र पाठक, निरी सुनीता पटेल एवं यातायात में पदस्थ अधिकारियों के साथ एन आईसी एवं एन एच ए आई टोल प्लाजा से संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे । उल्लेखनीय है कि नर्मदापुरम में वर्ष 2024 की दुर्घटना संख्या के तुलना में वर्ष 2025 में अधिक दुर्घटना घटित हुई है और सड़क दुर्घटनाओं में 6.75 प्रतिशत की वृद्धि हुई है जबकि हताहतों में 9.67 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। विगत पांच वर्षों के थानावार दुर्घटना का अवलोकन किया गया जिसमें दुर्घटना वृद्धि वाले थानों में दुर्घटना के हाट स्पॉट पर संबंधित निर्माण एजेंसी के माध्यम से इंजिनियरिंग में सुधार, रेडियम साइनेज इत्यादि लगाने की समझाइश दी गई ।
समीक्षा के दौरान वर्ष के शुरुआती महीनों के तुलनात्मक आंकड़ों और वर्ष के अंतिम के तुलनात्मक आंकड़ों को देखते हुए कमी लाने के प्रयास पर नर्मदापुरम पुलिस की प्रशंसा की गई और दुर्घटना दर में कमी लाने में मप्र के 5 टॉप जिलों में होने की सराहना की । ब्लैक स्पॉट की संख्या में कमी लाने और जिले के एक ब्लैक स्पॉट पर होने वाली गंभीर घटनाओं में कमी लाने पर भी सराहना की गई । श्री विद्यार्थी द्वारा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिले में किए जा रहे प्रयासों, सड़क सुरक्षा हेतु नवाचारों की जानकारी ली गई और संतोष व्यक्त किया गया ।
ब्लैक स्पॉट एसपीएम रेलवे क्रासिंग का भ्रमण
श्री विद्यार्थी द्वारा जिले के ब्लैक स्पॉट एसपीएम रेलवे क्रासिंग का भ्रमण किया गया और उक्त स्थान पर हुए दीर्घकालिक सुधार और घटनाओं में कमी पर संतोष व्यक्त किया गया तथा ग्वालटोली से आने वाले सड़क से होने वाली अव्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए आवश्यक सुधार के संबंध मे सुझाव दिया ।
प्रदेश के टॉप 5 जिलों में होने से उक्त प्रयास की धरातल पर स्थिति देखने की दृष्टि से थाना देहात के एंट्री की स्थिति देखी गई ।

