सभी ने एक दूसरे को दी नववर्ष की शुभकामनाएं
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
समाज में खुशियां बांटने के कई तरीके होते हैं, लेकिन नर्मदापुरम के युवा कुणाल तिवारी ने इस बार नया वर्ष मनाया और नए वर्ष की खुशियों को सेवा और स्नेह के अनूठे संगम में बदल दिया। उन्होंने शहर के ‘संकल्प बधिर विशेष संस्थान’ में पहुंचकर मूक-बधिर बच्चों के बीच अपना नया वर्ष बेहद सादगी और आत्मीयता के साथ मनाया। अक्सर लोग चकाचौंध के बीच नया वर्ष मनाते हैं, परंतु कुणाल ने इन विशेष बच्चों के बीच समय बिताना बेहतर समझा। कार्यक्रम के दौरान कुणाल ने स्नेह भोज और उपहार भेंट किए, जिससे बच्चों में भारी उत्साह देखा गया।
जुगलबंदी और डांस
खामोश आवाजों के बीच हंसी का शोर तब और बढ़ गया जब कुणाल ने बच्चों के साथ कदम से कदम मिलाकर डांस किया। बच्चों ने भी अपनी विशेष भाषा और इशारों में कुणाल को नए वर्ष की ढेरों शुभकामनाएं दीं। कुणाल ने केवल जश्न नहीं मनाया, बल्कि संस्थान के संचालक से बच्चों की जरूरतों और उनके रहन-सहन पर चर्चा कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
खुशियों से सराबोर रहा माहौल
संस्थान के नन्हे बच्चों के लिए यह दिन किसी उत्सव से कम नहीं था। बच्चों ने कुणाल के साथ फोटो खिंचवाए और अपनी खुशी जाहिर की। कुणाल तिवारी के इस सराहनीय कदम की अब चहुंओर प्रशंसा हो रही है, क्योंकि उन्होंने यह साबित किया कि सच्ची खुशी दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाने में ही निहित है।

