राष्ट्र और जिले का करें नाम रोशन
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
शहर में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा थोटा ने हॉकी टर्फ मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों एवं खेल विभाग के स्टाफ से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले एवं राष्ट्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधीक्षक श्री थोटा ने कहा कि खिलाड़ी निरंतर अभ्यास, अनुशासन एवं समर्पण के माध्यम से राष्ट्रीय प्रतिभा बन सकते हैं। उन्होंने खेल सुविधाओं का अवलोकन करते हुए हॉकी का रोमांचक मुकाबला भी देखा, जिसमें हॉकी फीडर सेंटर नर्मदापुरम एवं हॉकी फीडर सेंटर इटारसी की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में नर्मदापुरम की टीम विजेता रही, जबकि इटारसी की टीम उपविजेता रही। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कबड्डी खिलाड़ियों का भी कौशल देखा और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। इस अवसर पर इटारसी गांधी स्टेडियम हॉकी फीडर सेंटर के प्रशिक्षक दीप सिंह, हॉकी कोच ग्रेड-वन जय सिंह भदोरिया, हैंडबॉल कोच ऑस्कर मोजिस, कराते कोच रोशनी सोनकर, कबड्डी कोच पवन जाट सहित समन्वयक महेंद्र पचलानिया, आरती शर्मा, देवेंद्र उरहा, चंदा मिश्रा, प्रीतम पुर्विया, नारायण बावरिया, सुषमा अहिरवार एवं अन्य खिलाड़ी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक को यह भी अवगत कराया गया कि नर्मदापुरम में खेलो एमपी अंतर्गत चेस एवं ताइक्वांडो की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रस्तावित है।

