दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
जिले में यातायात उप पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे संतोष कुमार मिश्रा का स्थानांतरण जिला सतना हुआ। पुलिस कंट्रोल रूम में एक गरिमामय एवं आत्मीय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने श्री मिश्रा द्वारा नर्मदापुरम में किए गए उल्लेखनीय कार्यों का स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर श्री मिश्रा को नई पदस्थापना के लिए शुभकामनाएं दीं। पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम दीपक कुमार शुक्ला ने कहा कि,संतोष कुमार मिश्रा ने अपने कार्यकाल के दौरान पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन किया है। विशेषकर बड़े आयोजनों, पर्वों और सामान्य दिनों में जिले की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने में उनका योगदान अत्यंत सराहनीय रहा है। मैं उन्हें जिला सतना में नवीन पदस्थापना के लिए हार्दिक बधाई देता हूं और उनके उज्ज्वल भविष्य तथा सफल कार्यकाल की कामना करता हूं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, “श्री मिश्रा की कार्यशैली सदैव टीम भावना और संवेदनशीलता से परिपूर्ण रही है। उन्होंने यातायात प्रबंधन में कई सकारात्मक सुधार किए, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिला। सतना में भी वे अपनी इसी कार्यकुशलता से नए आयाम स्थापित करेंगे। पूरे नर्मदापुरम पुलिस परिवार की ओर से उन्हें बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं।विदाई समारोह में एसडीओपी जितेंद्र पाठक, उपुअ सुश्री पूजा लक्षकार, रक्षित निरीक्षक नरेंद्र त्रिपाठी, रक्षित निरीक्षक सूरज जमरा, थाना प्रभारी यातायात श्रीमति सुनीता पटेल, सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रवीण मालवीय, सूबेदार ईशान रिछारिया एवं स्थानीय थाना प्रभारी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री मिश्रा के साथ बिताए अपने कार्य अनुभवों को साझा करते हुए उनके स्वस्थ एवं सफल जीवन की मंगलकामना की।

