

नर्मदापुरम / जिला पुलिस नर्मदापुरम अंतर्गत थाना देहात में पदस्थ उप निरीक्षक सुखनंदन नर्रे को उनके उत्कृष्ट अनुसंधान, कर्तव्यनिष्ठा और सराहनीय सेवा कार्यों के लिए पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा ‘पुलिस महानिदेशक उत्कृष्ट विवेचना पदक’ (डीजीसीआर) प्रदाय किया गया है। उनि सुखनंदन नर्रे को यह पदक अपने कार्यकाल के दौरान कई संवेदनशील, गंभीर एवं चुनौतीपूर्ण प्रकरणों का सफलतापूर्वक अनुसंधान कर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचाने और न्यायालय से कठोर सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने हेतु प्रदाय किया गया है।
अपहृत बालक की सुरक्षित बरामदगीः थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 83/2017, धारा 363 भादवि (IPC) के प्रकरण में लगभग 06 वर्षों की निरंतर तलाश के बाद 20 फरवरी 2023 को अपहृत बच्चे को प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) से सुरक्षित बरामद किया गया। इस बरामदगी पर ₹10,000/- का इनाम घोषित था।
जघन्य हत्याकांड में आजीवन कारावासः थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 108/2019, धारा 302, 201 भादवि (IPC) के सनसनीखेज मामले में आरोपी डॉ. सुनील मंत्री द्वारा चालक वीरू पचौरी के शव को सर्जिकल ब्लेड व अन्य उपकरणों से टुकड़ों में काटकर एसिड के ड्रम में गलाने का प्रयास किया गया था। इस प्रकरण में सभी साक्षी नोडल अधिकारी होने के बावजूद न्यायालय में 100% कथन दर्ज कराए गए, जिसके परिणामस्वरूप माननीय न्यायालय ने आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
अन्य हत्या प्रकरण में सजा: थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 604/2019, धारा 324, 294, 506, 34, 302 भादवि (IPC) के अनुसंधान में भी माननीय न्यायालय द्वारा आरोपियों को आजीवन कारावास से दंडित किया गया है।
अंतर्राज्यीय गिरफ्तारी: कोविड काल में थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 751/2020 (धारा 420, 120बी भादवि) में फरियादी रक्षा राजपूत से सोने-चाँदी के आभूषणों का गबन कर फरार अज्ञात ज्योतिषियों को 3-4 माह की सतत तलाश के बाद त्रिपुरा के अगरतला और असम के सिलचर जिले से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
संपत्ति एवं शरीर संबंधी अपराधों के अनुसंधान में उत्कृष्ट कार्य करने पर उनि सुखनंदन नरें को वरिष्ठ अधिकारियों से समय-समय पर नकद पुरस्कार एवं प्रशंसा भी प्राप्त हुई है। उनके समर्पण, अडिग सत्यनिष्ठा और कानून व्यवस्था पर पड़े सकारात्मक प्रभाव को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम द्वारा उनका नाम ‘पुलिस महानिदेशक उत्कृष्ट विवेचना पदक’ के लिए अनुशंसित किया गया था। जिसके फलस्वरूप पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा दिनांक 27/11/26 को RCVP नरोन्हा अकादमी, भोपाल में आयोजित पदक वितरण समारोह में उनि सुखनंदन नर्रे को प्रशस्ति पत्र एवं पदक प्रदाय किया गया।
पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम दीपक कुमार शुक्ला द्वारा उनि सुखनंदन नरें को उनकी इस उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए और तत्तपरता से कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया।

