
नर्मदापुरम / यौन हिंसा का दंश झेलने वाले बच्चों को अब संकट की घड़ी में एक ऐसा भरोसेमंद साथी मिलेगा, जिसके सामने वे बिना किसी भय और संकोच के अपनी बात कह सकेंगे। मध्यप्रदेश में बाल संरक्षण की दिशा में शुरू की गई ‘शौर्या दीदी’ पहल पीड़ित बच्चों को मानसिक संबल देने, उनमें सुरक्षा का भाव विकसित करने और न्याय एवं पुनर्वास की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करने का माध्यम बनेगी। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की किशोर न्याय समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्री आनंद पाठक ने इस संवेदनशील पहल का पूरे प्रदेश में विस्तार करने का सुझाव दिया है। बुधवार को पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत यौन हिंसा से पीड़ित बच्चों की सहायता के लिए नामांकित ‘शौर्या दीदियों’ का एक दिवसीय क्षमतावर्धन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण उच्च न्यायालय की किशोर न्याय समिति की 11 जुलाई 2026 को आयोजित बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में किया गया।
बाल संरक्षण की ध्वजवाहक बनें शौर्या दीदियां : न्यायमूर्ति पाठक….
न्यायमूर्ति श्री आनंद पाठक ने शौर्या दीदियों से यौन हिंसा से प्रभावित बच्चों की सहायता और संरक्षण में ध्वजवाहक की भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने इस अवधारणा को प्रदेश के सभी जिलों में विस्तारित करने का सुझाव दिया, ताकि पीड़ित बच्चों तक संवेदनशील सहायता और उचित मार्गदर्शन पहुंच सके।
इस पहल का उद्देश्य कानूनी सहायता के साथ-साथ पीड़ित बच्चों को भावनात्मक और मनो-सामाजिक संबल उपलब्ध कराना है, ताकि वे हिंसा के आघात से उबर सकें और सुरक्षित, सम्मानजनक एवं भयमुक्त वातावरण में अपने जीवन को नई दिशा दे सकें।
बच्चों का विश्वास जीतने के लिए ‘लुक, लिसन एंड लिंक’ का प्रशिक्षण…..
नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (एनएफएसयू), गांधीनगर, गुजरात की वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी सुश्री ठकराल ने मनो-सामाजिक प्राथमिक उपचार और संकट के समय संवाद कौशल की बारीकियां समझाईं। उन्होंने ‘लुक, लिसन एंड लिंक’ अर्थात बच्चे की स्थिति को समझने, संवेदनशीलता से उसकी बात सुनने और उसे आवश्यक सहायता सेवाओं से जोड़ने की प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि पीड़ित बच्चे के साथ पहला संपर्क अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। ऐसे समय में शौर्या दीदी का व्यवहार बच्चे के मन से भय और तनाव दूर करने तथा उसका विश्वास अर्जित करने में सहायक हो सकता है। यूनिसेफ मध्यप्रदेश के बाल संरक्षण अधिकारी श्री गोविंद बेनीवाल ने पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत पीड़ित बच्चों के लिए उपलब्ध सहायक सेवाओं की जानकारी दी।
12 जिलों से 100 प्रतिभागी हुए शामिल…..
प्रशिक्षण में ग्वालियर, भिंड, मुरैना, गुना, दतिया, विदिशा, शिवपुरी, मंडला, रायसेन, हरदा, बैतूल और नर्मदापुरम जिलों की ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क प्रभारी, शौर्या दल की सदस्य, चयनित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं बाल कल्याण समिति के सदस्यों सहित 100 प्रतिभागी शामिल हुए। एनएफएसयू, गांधीनगर में प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से प्रतिभागियों का क्षमतावर्धन किया गया। इस अवसर पर उच्च न्यायालय के किशोर न्याय समिति के रजिस्ट्रार अनिल कुमार भी उपस्थित थे।

