
नर्मदापुरम / वर्ल्ड हेरिटेज सप्ताह के अवसर पर मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की अभिनव पहल एवं जिला प्रशासन के सहयोग से जिले में पर्यटन के नए अनुभवों को विकसित किया जा रहा है। कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ एवं अपर कलेक्टर श्री हिमांशु जैन के मार्गदर्शन में आईजीएस संस्था के सहयोग से 19 से 25 नवंबर तक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मढ़ई के समीप स्थित पर्यटन ग्राम ढाबा एवं छेड़का में विशेष स्टारगेजिंग गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से पर्यटकों, स्थानीय नागरिकों और छात्र-छात्राओं को खुले आसमान में खगोलीय दुनिया को करीब से देखने और समझने का अवसर मिल रहा है।
आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को विशेष टेलीस्कोप के माध्यम से चंद्रमा, चमकते तारों एवं विभिन्न खगोलीय पिंडों का अवलोकन कराया जा रहा है। विशेषज्ञों द्वारा आकाश में दिखाई देने वाले तारों की पहचान, विभिन्न खगोलीय संरचनाओं और अंतरिक्ष से जुड़ी रोचक जानकारियां भी दी जा रही हैं। टेलीस्कोप के माध्यम से चंद्रमा की सतह और तारों को करीब से देखकर विद्यार्थी एवं पर्यटक रोमांचित और उत्साहित नजर आ रहे हैं।
इस पहल का उद्देश्य पर्यटन के पारंपरिक स्वरूप से आगे बढ़कर ग्रामीण पर्यटन स्थलों पर नए और अनूठे अनुभव विकसित करना, विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं जिज्ञासा को बढ़ावा देना तथा पर्यटकों को प्रकृति और खगोलीय दुनिया से जोड़ना है। मढ़ई के समीप स्थित ढाबा एवं छेड़का जैसे पर्यटन ग्रामों में स्टारगेजिंग जैसी गतिविधियां ग्रामीण पर्यटन को नई पहचान देने के साथ स्थानीय स्तर पर पर्यटन की संभावनाओं का भी विस्तार कर रही हैं।
स्टारगेजिंग गतिविधि के दौरान जिला पर्यटन प्रबंधक मनोज सिंह ठाकुर, आईजीएस संस्था से महेश प्रजापति एवं श्री लक्ष्मीनारायण, अजय टेकाम, सुश्री अर्चना, सुश्री साक्षी सहित संस्था की टीम उपस्थित रही।
मध्यप्रदेश टूरिज्म की यह पहल वर्ल्ड हेरिटेज सप्ताह को विरासत संरक्षण के साथ ज्ञान-विज्ञान, प्रकृति और पर्यटन के अनूठे अनुभवों से जोड़ रही है। इससे ग्रामीण पर्यटन स्थलों को नई पहचान मिलने के साथ पर्यटकों के लिए आकर्षण के नए अवसर भी विकसित हो रहे हैं।

