
सिवनी मालवा / नकुल मालवीय / क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी और बहुप्रतीक्षित मांग आखिरकार पूरी हो गई है। रेल मंत्रालय ने ट्रेन क्रमांक 11111/11112 भुसावल-नागपुर एक्सप्रेस का परिचालन बानापुरा और इटारसी होकर किए जाने की आधिकारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस निर्णय से सिवनी मालवा और बानापुरा सहित पूरे नर्मदापुरम संसदीय क्षेत्र में हर्ष की लहर है।
गौरतलब है कि कोरोना काल के दौरान बंद हुई नागपुर-भुसावल इंटरसिटी एक्सप्रेस को पुनः शुरू करने और बानापुरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इस मुद्दे को लेकर पत्रकार संघ सिवनी मालवा के नेतृत्व में आम नागरिक और जनप्रतिनिधि लगातार प्रयासरत थे। इसी क्रम में बीते 2 नवंबर 2026 को क्षेत्रीय सांसद दर्शन सिंह चौधरी के नेतृत्व में पत्रकार संघ के सदस्यों और नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल ने बानापुरा स्टेशन पर नागपुर-भुसावल इंटरसिटी सहित अन्य 9 ट्रेनों के ठहराव के लिए मांग पत्र सौंपा था, जिस पर रेल मंत्री ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
पत्र लिखकर दी आधिकारिक जानकारी…..
23 नवंबर को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद दर्शन सिंह चौधरी को पत्र लिखकर आधिकारिक रूप से सूचित किया कि भुसावल से नागपुर के मध्य चलने वाली ट्रेन (11111/11112) को बानापुरा और इटारसी मार्ग से चलाने की स्वीकृति दे दी गई है।
पत्रकार संघ ने जताया आभार…..
पत्रकार संघ अध्यक्ष नंदकिशोर व्यास ने इस निर्णय पर खुशी जाहिर करते हुए प्रधानमंत्री, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और क्षेत्रीय सांसद दर्शन सिंह चौधरी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के बंद होने से विशेष रूप से नागपुर इलाज के लिए जाने वाले मरीजों और आम यात्रियों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। पत्रकार संघ द्वारा पिछले कई महीनों से जनहित में किए जा रहे संघर्ष और सांसद के सार्थक प्रयासों से यह सफलता मिली है।
व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी गति……
सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार छोटे शहरों और क्षेत्रीय मुख्यालयों को बेहतर रेल संपर्क से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नागपुर मध्य भारत का एक प्रमुख चिकित्सा, शैक्षणिक और व्यापारिक केंद्र है, जबकि भुसावल महाराष्ट्र का एक महत्वपूर्ण रेल जंक्शन है। इस सीधे रेल संपर्क से बानापुरा, सिवनी मालवा, सोहागपुर और इटारसी के व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा युवाओं और मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।

