स्वर्गीय श्री अनिल परते ट्रॉफी अंडर-18
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित स्व श्री अनील परते ट्रॉफी जिला स्तरीय अंडर-18 बालक क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ एमपीसीए ग्राउंड में हुआ। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मेजबान नर्मदापुरम एवं हरदा जिला टीम के बीच खेला गया, जिसमें नर्मदापुरम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में 325 रनों की बढ़त के आधार पर जीत दर्ज की। नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के मानसेवी सचिव प्रदीप सिंह तोमर ने बताया कि दो दिवसीय मुकाबले में हरदा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। हालांकि, नर्मदापुरम के गेंदबाजों के सामने हरदा की पूरी टीम महज 83 रनों पर सिमट गई। हरदा की ओर से मोहित साक्कले ने सर्वाधिक 32 रन बनाए। इसके जवाब में नर्मदापुरम की टीम ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 4 विकेट के नुकसान पर 254 रन बना लिए थे। टीम की ओर से आरफ कुरैशी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 133 रनों की शतकीय पारी खेली, जबकि अथर्व पटेल ने 67 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। दूसरे दिन नर्मदापुरम ने अपनी पहली पारी को आगे बढ़ाते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 408 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। टीम के कप्तान प्रियव्रत पटेल ने शानदार कप्तानी पारी खेलते हुए 104 रन नाबाद बनाए। वहीं आकिब खान ने 46 रनों की उपयोगी पारी खेलकर कप्तान का बेहतरीन साथ निभाया। नर्मदापुरम के कप्तान प्रियव्रत पटेल को 104 रन नाबाद बनाने एवं 4 विकेट प्राप्त करने के शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें पुरस्कार टेनिस बॉल क्रिकेट के संभागीय अध्यक्ष श्री विवेक भदौरिया, एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी सदस्य अनुराग मिश्रा, जिला क्रिकेट संघ अध्यक्ष राजेश चौरे एवं जिला क्रिकेट संघ के सचिव मनोहर बिलथरिया द्वारा प्रदान किया गया।
इस अवसर पर सिलेक्शन कमेटी चेयरमैन संजय नाफड़े, सुनील कोलोसिया, सफीक खान, विष्णु बौरासी सहित अन्य गणमान्यजन एवं ग्राउंड स्टाफ उपस्थित रहे। मैच में अंपायर की भूमिका आदित्य राजपूत एवं उत्तम रघुवंशी ने निभाई, जबकि स्कोरर कुणाल पटेल रहे।

