
नर्मदापुरम / लोकतंत्र की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा और संविधान के सम्मान को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा देशव्यापी स्तर पर वोट बचाओ–वोट की रक्षा करो, संविधान बचाओ और लोकतंत्र बचाओ अभियान के अंतर्गत 26 नवंबर 2026 को जबलपुर में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा एक विशाल आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे के साथ ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी अपनी आवाज बुलंद करेगी।
इस निर्णायक लोकतांत्रिक लड़ाई का नेतृत्व देश के जननायक एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी कर रहे हैं। वहीं मध्यप्रदेश में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के ऊर्जावान नेतृत्व में प्रदेश का एक-एक कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के संकल्प के साथ संघर्ष कर रहा है।
जिला कांग्रेस कमेटी नर्मदापुरम के अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने जिले के समस्त कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा है कि 26 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में जबलपुर पहुंचकर इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाएं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने विशेष रूप से जिला, ब्लॉक एवं मंडलम कांग्रेस कमेटियों, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन, महिला कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल सहित कांग्रेस के सभी विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और सम्मानित कार्यकर्ताओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने कहा कि वोट केवल एक कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत और आम नागरिक के अधिकार की पहचान है। यदि मतदाता के वोट की स्वतंत्रता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं, तो यह देश के लोकतांत्रिक भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। राहुल गांधी जी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने वोट की रक्षा, संविधान की गरिमा और लोकतंत्र को बचाने की जो निर्णायक लड़ाई शुरू की है, उसमें मध्यप्रदेश का प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ खड़ा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में हमारा संगठन पूरी एकजुटता और ताकत के साथ इस संघर्ष को आगे बढ़ा रहा है। हम तब तक चैन से नहीं बैठेंगे, जब तक मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का विश्वास सुनिश्चित करने की दिशा में अपनी लड़ाई को सफल नहीं बना लेते।
उन्होंने आगे कहा कि 26 नवंबर संविधान दिवस का महत्वपूर्ण अवसर भी है। ऐसे में जबलपुर का यह आयोजन संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक अधिकारों और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।
शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने जिले के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओ से आह्वान किया कि वे आपसी मतभेद भुलाकर संगठन की एकजुटता का परिचय दें और अधिक से अधिक संख्या में जबलपुर पहुंचकर इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाएं। यह केवल कांग्रेस पार्टी का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिक के मताधिकार की रक्षा का जनसंकल्प है।
वोट की ताकत से लोकतंत्र बना है, वोट की रक्षा से ही लोकतंत्र बचेगा। 26 नवंबर को जबलपुर की धरती से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प बुलंद होगा।
यह जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार द्वारा दी गई है।

