




नर्मदापुरम / कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बांद्राभान में आयोजित मेले के मुख्य स्नान पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए कलेक्टर आशीष वशिष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला मंगलवार सुबह 6 बजे बांद्राभान मेला स्थल पहुंचे और व्यवस्थाओं की कमान संभाली। इस दौरान कलेक्टर एवं एसपी ने ड्रोन के माध्यम से पार्किंग क्षेत्र, मां नर्मदा एवं तवा के संगम स्थल सहित संपूर्ण मेला क्षेत्र का जायज़ा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि 2026 में बांद्राभान मेले के 200 वर्ष पूर्ण होने पर श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्ष से अधिक रहने की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा भीड़ प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा क लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
सुबह 8 बजे तक 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किया स्नान….
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मां नर्मदा एवं तवा के पवित्र संगम में स्नान के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। सुबह 8 बजे तक ही 30 हजार से अधिक श्रद्धालु पुण्य स्नान कर चुके थे। वहीं, मुख्य स्नान पर्व के दौरान सुबह से शाम तक लगभग 2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई। मेले की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन का पूरा अमला मुस्तैदी से तैनात रहा। एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह ने भी सुबह से ही मेला स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी की। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस एवं होमगार्ड के 400 से अधिक जवान तथा 100 से अधिक प्रशासनिक अधिकारी एवं शासकीय कर्मचारी तैनात रहे। पूरे मेले की निगरानी ड्रोन कैमरा के माध्यम से की जा रही है। पार्किंग स्थल से लेकर मेला क्षेत्र में जिला प्रशासन द्वारा ड्रोन के माध्यम से निगरानी की गई एवं व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता – कलेक्टर श्री वशिष्ठ….
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस एवं प्रशासन के सभी अधिकारी संपूर्ण मेला अवधि में पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहें तथा श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं एवं मूलभूत व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने होमगार्ड जवानों को विशेष रूप से संगम स्थल पर सतत निगरानी रखने तथा बोट के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र में सघन गश्त एवं चौकसी करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। जिला प्रशासन द्वारा बांद्राभान मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुचारू आवागमन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
निरीक्षण के दौरान एडिशनल एसपी अभिषेक राजन, एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।

