
नर्मदापुरम / पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा गुमशुदा बालक-बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी एवं सुरक्षित बरामदगी हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उक्त अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस महेंद्र सिंह चौहान के निर्देशन में थाना सिवनी मालवा पुलिस द्वारा गुमशुदा बालिका की तलाश हेतु त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही की गई।
दिनांक 21.11.2026 को थाना सिवनी मालवा क्षेत्र में एक 12 वर्षीय बालिका के घर से लापता होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर थाना सिवनी मालवा में अपराध क्रमांक 858/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया तथा बालिका की तलाश प्रारंभ की गई।
प्रकरण की गंभीरता एवं बालिका की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस टीम द्वारा तत्काल पतासाजी कर विभिन्न स्थानों पर तलाश की गई तथा आवश्यक जानकारी जुटाकर बालिका को शीघ्र खोजने के प्रयास किए गए। थाना सिवनी मालवा पुलिस की तत्परता, सतत प्रयास एवं प्रभावी कार्यवाही के परिणामस्वरूप मात्र 18 घंटे के भीतर गुमशुदा 12 वर्षीय बालिका को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया गया।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन पाण्डेय, उप निरीक्षक नागेश वर्मा एवं प्रधान आरक्षक हेमंत तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके समन्वित प्रयास एवं सक्रियता से बालिका को अल्प समय में सकुशल तलाश कर परिजनों तक पहुंचाया जा सका।
बालिका के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्यवाही एवं संवेदनशीलता के प्रति आभार व्यक्त किया ।

