

नर्मदापुरम / शहर के अस्पतालों में फायर सेफ्टी और पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाएं नदारद हैं। शहर के श्रीराम हॉस्पिटल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं। मंगलवारा और रामजीबाबा क्षेत्र में मरीजों की सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होने का आरोप लगाया है। शहर के मंगलवारा और रामजीबाबा क्षेत्र में संचालित श्रीराम हॉस्पिटल की व्यवस्थाएं सवालों के घेरे में हैं। अस्पताल में अग्नि सुरक्षा (फायर सेफ्टी) के पर्याप्त इंतजाम हैं या नहीं, यह जांच का विषय है। यदि अस्पताल में कभी आगजनी जैसी कोई बड़ी घटना हो जाती है तो मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल के कर्मचारियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी? यह एक गंभीर सवाल है, जिस पर स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन को तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर फायर सेफ्टी के पुख्ता इंतजाम होना बेहद जरूरी है। यहां गंभीर मरीजों के साथ बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में आगजनी या किसी आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी, अग्निशमन उपकरण और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का होना अनिवार्य है। यदि इन व्यवस्थाओं में कमी है तो संबंधित विभाग को तत्काल निरीक्षण कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
पार्किंग की व्यवस्था नहीं, सड़क पर लग रहा जाम…
श्रीराम हॉस्पिटल, रामजीबाबा के सामने पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के वाहन सड़क पर खड़े होने से क्षेत्र में यातायात प्रभावित होता है। आए दिन जाम की स्थिति बनने से स्थानीय रहवासियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग के लिए क्या इंतजाम किए गए हैं, इसकी भी जांच जरूरी है।
रिहायशी क्षेत्र में क्लिनिक संचालन पर भी उठे सवाल….
इसी क्षेत्र के समीप रहवासी इलाके में श्रीराम अग्रवाल का क्लिनिक संचालित होने की जानकारी सामने आई है। रिहायशी क्षेत्र में क्लिनिक संचालन की अनुमति, पंजीयन और निर्धारित स्वास्थ्य संबंधी मानकों का पालन हो रहा है या नहीं, इसकी भी संबंधित विभाग को जांच करनी चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग कब करेगा जांच ?….
सबसे बड़ा सवाल यह है कि स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ऐसे अस्पतालों एवं क्लिनिकों की नियमित जांच क्यों नहीं करते? क्या किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही जिम्मेदार अधिकारियों की नींद खुलेगी? अस्पताल में फायर सेफ्टी, आपातकालीन निकासी, पार्किंग और संचालन संबंधी अनुमतियों की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। यदि जांच में अनियमितताएं सामने आती हैं तो नियमानुसार कार्रवाई भी सुनिश्चित होनी चाहिए।
मरीज इलाज और सुरक्षा की उम्मीद लेकर अस्पताल पहुंचते हैं, न कि अपनी जान जोखिम में डालने के लिए। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि समय रहते व्यवस्थाओं की पड़ताल करे, ताकि किसी संभावित हादसे से पहले ही कमियों को दूर किया जा सके।
इनका कहना है…
इस संबंध में जिला चिकित्सालय की सिविल सर्जन से बातचीत करने फोन से संपर्क किया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

