
नर्मदापुरम / कौमी एकता सप्ताह के अंतर्गत शासकीय कन्या महाविद्यालय, इटारसी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में 20, 21 एवं 23 नवंबर को अल्पसंख्यक कल्याण दिवस, भाषाई सामंजस्य दिवस एवं सांस्कृतिक एकता दिवस के अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक, रचनात्मक एवं जागरूकता संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों का उद्देश्य छात्राओं में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, धार्मिक सहिष्णुता एवं भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रमों की श्रृंखला में 20 नवंबर को अल्पसंख्यक कल्याण दिवस के अवसर पर भारतीय संविधान में धार्मिक स्वतंत्रता एवं समानता के प्रावधानों पर आधारित प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। 21 नवंबर को भाषाई सामंजस्य दिवस पर संविधान की आठवीं अनुसूची में सम्मिलित 22 भाषाओं पर सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी, ‘अनेकता में एकता’ विषय पर बहुभाषी अभिवादन संवाद तथा राजभाषा एवं शास्त्रीय भाषाओं पर परीक्षा-उपयोगी व्याख्यान आयोजित किया गया। वहीं 23 नवंबर को सांस्कृतिक एकता दिवस के अवसर पर ‘अनेकता में एकता’ विषय पर कोलाज निर्माण प्रतियोगिता एवं भारतीय संस्कृति पर आधारित समूह चर्चा का आयोजन किया गया। आयोजनों के दौरान छात्राओं ने पारंपरिक व रंग-बिरंगे परिधानों में सजे-धजे रूप में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मकता, संवाद कौशल एवं विचारों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रश्न मंच प्रतियोगिता में बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा हिमांशी खरे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर तानिया राजपूत रहीं, जबकि तृतीय स्थान संयुक्त रूप से बीएससी तृतीय वर्ष की छात्राओं गीतांजलि चौधरी एवं नीलम उइके ने प्राप्त किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. मेहरा ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत की वास्तविक शक्ति उसकी धार्मिक, भाषाई एवं सांस्कृतिक विविधता में निहित है। कौमी एकता सप्ताह जैसे आयोजन विद्यार्थियों में आपसी भाईचारे, सहिष्णुता, संवैधानिक मूल्यों एवं राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्राओं से विविधताओं का सम्मान करते हुए राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम समन्वयक एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रभारी श्रीमती प्रेमलता पाटिल ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल उद्देश्य समाज सेवा के साथ-साथ युवाओं में संवैधानिक मूल्यों, सद्भाव और राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ करना है। उन्होंने बताया कि विभिन्न दिवसों पर आयोजित गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं को देश की बहुआयामी संस्कृति और भाषाई समृद्धि को करीब से समझने का अवसर मिला। इस अवसर पर प्राध्यापकों एवं सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि विभिन्न धर्मों, भाषाओं एवं संस्कृतियों का सम्मान करना ही सामाजिक समरसता और सशक्त राष्ट्र निर्माण का आधार है। आयोजनों में रविंद्र चौरसिया, स्नेहांशु सिंह, डॉ. शिरीष परसाई, डॉ. संजय आर्य, डॉ. शिखा गुप्ता, डॉ. श्रद्धा जैन, अमन वर्मा एवं लवली शर्मा सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही।

