
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रायोजित तथा अभ्युदय लोक सेवा संस्थान द्वारा संचालित वरिष्ठ नागरिक गृह सिवनी मालवा जिला नर्मदापुरम में शासन के निर्देशानुसार अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत छह दिवसीय कार्यक्रमों में सोमवार दिनांक 23 नवंबर 2026 को प्रातः 8:00 बजे से द्वितीय कार्यक्रम Regular Yoga with Department of Ayush के सानिध्य में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि शैलेंद्र गौर (नगर पालिका उपाध्यक्ष प्रतिनिधि) एवं विशेष अतिथि डॉ. अरुण पटेल, गिरिराज अग्रवाल, गुरु शरण मालवीय (योग शिक्षक आयुष विभाग), वीरेंद्र मालवीय, संजय सोनी, राजेंद्र पचौरी (अधिवक्ता) एवं रविंद्र राजपूत (सामाजिक सुरक्षा अधिकारी जनपद पंचायत सिवनी मालवा) की विशेष उपस्थिति में मां सरस्वती की पूजा अर्चना कर शुभारंभ किया गया।
उपस्थित सभी अतिथियों का संस्था में कार्यरत कर्मचारियों द्वारा पुष्पमाला एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत सत्कार किया गया।
आयुष विभाग के योग शिक्षक गुरु शरण मालवीय द्वारा उपस्थित सभी बुजुर्गों एवं अतिथियों को योगासन, सूक्ष्म व्यायाम, प्राणायाम, श्वसन क्रिया, ध्यान आदि कराया गया तथा इससे होने वाले शारीरिक लाभ के बारे में भी बताया गया। उपस्थित अतिथियों ने संक्षिप्त में कार्यक्रम के विषय पर अपने विचार रखे।
जिसमें मुख्य अतिथि शैलेंद्र गौर ने बताया कि मनुष्य के जीवन की कोई भी अवस्था हो, स्वस्थ रहने के लिए खानपान के साथ योगासन अति आवश्यक है, जिससे हमारी शारीरिक एवं मानसिक स्थिति सकारात्मक रहती है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी महानुभावों का अधीक्षक श्याम वनकर द्वारा सभी कार्यरत कर्मचारियों की उपस्थिति में आभार व्यक्त किया गया एवं कार्यक्रम का संचालन किया गया।

