
नर्मदापुरम / इटारसी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को हो रही असुविधाओं एवं रेलवे से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय के नेतृत्व में इंटक जिला अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व महामंत्री शेख रमजान ने सहायक मंडल अभियंता नरेश कुमार बरैय्या इटारसी से चर्चा कर सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से रेलवे प्रशासन का ध्यान इटारसी स्टेशन पर प्रस्तावित नए फुट ओवरब्रिज की डिजाइन, यात्रियों के लिए मूलभूत सुविधाओं, वरिष्ठ नागरिकों को किराए में छूट, रेल कर्मचारियों की लंबित मांगों सहित शहर एवं यात्रियों से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याओं की ओर आकर्षित कराया गया।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से निम्नलिखित सात मांगें रखी गईं…..
1. नए फुट ओवरब्रिज की डिजाइन में बैटरी ऑपरेटेड कार की सुविधा हो…..
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देश के अनेक रेलवे स्टेशनों पर वरिष्ठ नागरिकों, गर्भवती महिलाओं एवं दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए बैटरी ऑपरेटेड कार (BOC) की व्यवस्था की जा रही है, ताकि उन्हें सर्कुलेटिंग एरिया से प्लेटफॉर्म तक तथा एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक ट्रेन के दरवाजे तक पहुंचाया जा सके। इटारसी स्टेशन के मुंबई छोर पर नवनिर्मित फुट ओवरब्रिज की डिजाइन में इस सुविधा का प्रावधान नहीं होने से भविष्य में यात्रियों को परेशानी हो सकती है। वहीं जबलपुर छोर पर पुराने फुट ओवरब्रिज को तोड़कर नया ब्रिज बनाने की तैयारी है। मांग की गई कि नए ब्रिज की डिजाइन इस प्रकार तैयार की जाए, जिससे बैटरी ऑपरेटेड कार का सुचारू संचालन हो सके।
2 AIRRF रेलवे रिटायर्ड कर्मचारियों की एक राष्ट्रीय रजिस्टर्ड संस्था है इसके संचालन के लिए भी अन्य संस्थाओं को इटारसी रेलवे स्टेशन परिसर में प्रदत्त कार्यालय की भांति, इटारसी रेलवे परिसर मैं कार्यालय प्रदान किया जाए एवं इटारसी स्टेशन पर कुली रेस्ट हाउस की दैयनीय स्थिति में सुधार किया जाए।
3. वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराए में मिलने वाली छूट पुनः प्रारंभ की जाए…..
कोविड महामारी के दौरान मार्च 2020 से वरिष्ठ नागरिकों को यात्री किराए में मिलने वाली रियायत बंद कर दी गई थी। जिला कांग्रेस ने मांग की कि वरिष्ठ नागरिकों को पूर्व की भांति रेल किराए में मिलने वाली छूट पुनः बहाल की जाए, ताकि बुजुर्ग यात्रियों को आर्थिक राहत मिल सके।
4. शहर के बीच स्थित रेलवे मालगोदाम को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए….
इटारसी शहर के बीचोंबीच स्थित रेलवे मालगोदाम में भारी लोडिंग वाले ट्रकों के आवागमन से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसके साथ ही शहर में प्रदूषण की समस्या भी बढ़ती है। मालगोदाम का वर्तमान स्थान शहर के विकास एवं यातायात व्यवस्था में बाधा बन रहा है। अतः जनहित में इसे शीघ्र किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
5. इटारसी से भोपाल के बीच मेमू ट्रेन का संचालन किया जाए…..
होशंगाबाद-इटारसी से भोपाल के बीच प्रतिदिन हजारों की संख्या में नौकरीपेशा, व्यापारी, विद्यार्थी एवं अन्य यात्री आवागमन करते हैं। सवारी गाड़ियों में जनरल कोच की कमी के कारण यात्रियों को भारी भीड़ और असुविधा का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए इटारसी से भोपाल के बीच मेमू ट्रेन का संचालन प्रारंभ करने की मांग की गई।
6. केंद्रीय कर्मचारियों एवं पेंशनरों के 18 माह के लंबित डीए-डीआर का भुगतान किया जाए…..
कोविड काल के दौरान जनवरी 2020 से जुलाई 2021 तक केंद्रीय कर्मचारियों एवं पेंशनरों का 18 माह का महंगाई भत्ता (DA) एवं महंगाई राहत (DR) रोकी गई थी। ज्ञापन में रेल कर्मचारियों एवं पेंशनरों को इस लंबित राशि का भुगतान शीघ्र किए जाने की मांग उठाई गई।
7. आठवें वेतन आयोग का लाभ पेंशनरों को भी दिया जाए…..
केंद्रीय कर्मचारियों के साथ-साथ पेंशनरों को भी पूर्व वेतन आयोगों की भांति आठवें वेतन आयोग का लाभ प्रदान किया जाए, ताकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी महंगाई के दौर में आर्थिक राहत मिल सके।
आठवीं वेतन आयोग के TOR मैं 1 जनवरी 2026 के पूर्व रिटायर्ड कर्मचारियों के विषय में कोई उल्लेख उल्लेख न होने कारण दुविधा की स्थिति बनी हुई है की पूर्व वेतन आयोग की भर्ती आठवीं वेतन आयोग में भी रिटायर्ड कर्मचारियों को लाभ होगा या ना होगा स्थिति को स्पष्ट करते हुए आठवें वेतन आयोग में केंद्रीय कर्मचारियों को भी लाभ प्रदान किया जाए।
शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने कहा कि इटारसी रेलवे स्टेशन देश के प्रमुख रेल जंक्शनों में शामिल है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है। ऐसे में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे प्रशासन की जिम्मेदारी है। नए फुट ओवरब्रिज की डिजाइन में बैटरी ऑपरेटेड कार की सुविधा, प्रतीक्षालय में प्रसाधन व्यवस्था तथा इटारसी-भोपाल के बीच मेमू ट्रेन का संचालन जनहित की महत्वपूर्ण मांगें हैं। रेलवे प्रशासन को इन समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करना चाहिए। जिला कांग्रेस कमेटी जनहित के इन मुद्दों को लेकर निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
इंटक जिला अध्यक्ष शेख रमजान ने कहा कि रेलवे कर्मचारी, पेंशनर एवं आम यात्री रेलवे व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। कोविड काल में कर्मचारियों एवं पेंशनरों के 18 माह के लंबित डीए-डीआर का भुगतान, आठवें वेतन आयोग का लाभ तथा वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराए में रियायत पुनः प्रारंभ करना न्यायसंगत मांगें हैं। इटारसी स्टेशन पर यात्रियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ रेलवे प्रशासन को इन सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करनी चाहिए। इंटक सदैव रेल कर्मचारियों एवं आम यात्रियों के अधिकारों के लिए आवाज उठाती रहेगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय एवं इंटक जिला अध्यक्ष शेख रमजान के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में रेलवे प्रशासन से मांग की गई कि इटारसी रेलवे स्टेशन की महत्वपूर्ण स्थिति को देखते हुए यात्रियों की सुविधाओं, सुरक्षा, स्वच्छता एवं रेल कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए सभी सात सूत्रीय मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष ओमसेन, जिला कांग्रेस संगठन महासचिव एडवोकेट हरि नारायण थापक, जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार, बसंत आसरे, प्रमोद कलोसिया, राजेंद्र गोस्वामी, राहुल दुबे एवं अनूप गांचले आदि कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

