
नर्मदापुरम / स्थानीय चित्रगुप्त घाट पर रविवार को अखिल भारतीय कायस्थ समाज की मातृशक्ति एवं पुरुषों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान समाज के सदस्यों ने घाट परिसर, सीढ़ियों एवं आसपास फैले कचरे की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। समाज द्वारा प्रत्येक रविवार नियमित रूप से यह अभियान चलाया जाता है, जिसमें समाज के सदस्यों के साथ अन्य नागरिक भी बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हैं।
इस अवसर पर प्रखर समाजसेवी केशव देव वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि इसे अपनी दिनचर्या एवं जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प ले, तो शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है।
वहीं प्रखर समाजसेवी सुमन वर्मा ने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की पहचान है। ऐसे अभियानों में मातृशक्ति एवं युवाओं की सहभागिता सराहनीय है। हमें स्वयं स्वच्छता के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण मिल सके।
स्वच्छता अभियान में प्रीति खरे, श्रीमती ममता तिवारी, विजय वर्मा, अशोक वर्मा, सीवी खरे, सुनील राय, समाजसेवी मंजुला वर्मा, ऋतु श्रीवास्तव, लालता प्रसाद, मनोज वर्मा, आदित्य वर्मा, ऋषिकेश श्रीवास्तव, केशव देव वर्मा, सुमन वर्मा, मंजू श्रीवास्तव, नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा एवं ज्योति वर्मा सहित समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
समाज के सदस्यों ने आगे भी नियमित रूप से स्वच्छता अभियान जारी रखने तथा आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

