श्रद्धालुओं, महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों के साथ विनम्र और सहयोगपूर्ण व्यवहार रखें- एसपी श्री शुक्ला
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
बांद्राभान मेले का रविवार को शुभारंभ हुआ। बांद्राभान में 5 दिवसीय मेले को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिला दण्डाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा मेला स्थल पहुंचकर लिया गया सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मेले का आयोजन आज से 26 नवंबर तक किया जा रहा है। मेले के शुभारंभ पर जिला दण्डाधिकारी आशीष वशिष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला द्वारा मेला स्थल पहुंचकर संपूर्ण मेला व्यवस्था का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संगम घाटों, विभिन्न ड्यूटी स्थलों, निर्धारित पार्किंग स्थलों तथा अस्थायी पुलिस चौकी का भ्रमण कर व्यवस्थाओं को परखा। तत्पश्चात मेला ड्यूटी में तैनात समस्त पुलिस बल को संबोधित करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देशों के साथ ब्रीफ किया गया।
पूरी मुस्देती के साथ करें ड्यूटी
श्री वशिष्ठ ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि, ‘बांद्राभान मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाने पहुंचते हैं। प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, आप सभी पूरी मुस्तैदी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। घाटों पर विशेष सतर्कता बरती जाए ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। आपातकालीन स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल मेला कंट्रोल रूम एवं अस्थायी पुलिस चौकी को सूचित करें, जिससे त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके।”
पुलिस की मौजूदगी में आमजन महसूस करें सुरक्षित
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए कहा कि, “मेला सुरक्षा व्यवस्था में कुल 350 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सभी पुलिसकर्मी निर्धारित समय पर अपने ड्यूटी पॉइंट पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और पूरी सजगता के साथ ड्यूटी करें। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों के साथ अत्यंत विनम्र और सहयोगपूर्ण व्यवहार रखें, किसी भी प्रकार का अभद्र व्यवहार न करें। पुलिस की मौजूदगी ऐसी हो जिससे आमजन स्वयं को सुरक्षित महसूस करें। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा यह भी विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि मेले में मनोरंजन हेतु लगाए गए समस्त झूलों का सुरक्षा की दृष्टि से मैकेनिकल वेरिफिकेशन सुनिश्चित हो तथा पूरे मेला परिसर में विद्युत व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे। इसके अतिरिक्त, मेले में आने वाले वाहनों की सुगम पार्किंग और निर्बाध यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी यातायात को आवश्यक निर्देश दिए गए। मेला सुरक्षा व्यवस्था में तैनात समस्त पुलिस बल के रुकने आवास एवं भोजन सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन, एसडीओपी जीतेंद्र पाठक, डीएसपी यातायात संतोष मिश्रा, रक्षित निरीक्षक नरेन्द्र त्रिपाठी एवं थाना प्रभारी देहात निरीक्षक उषा मरावी सहित अन्य पुलिस अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
मेला सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं
मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुल 350 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
CCTV से लगातार निगरानी होगी । वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संपूर्ण मेला परिसर, संगम घाटों एवं प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार सतत निगरानी रखी जा रही है।
झूलों का मैकेनिकल वेरिफिकेशन एवं विद्युत सुरक्षा , मेला परिसर में लगे सभी झूलों का अनिवार्य रूप से मैकेनिकल वेरिफिकेशन कराने तथा संपूर्ण क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। घाटों पर विशेष सतर्कताः नर्मदा एवं तवा नदी के संगम घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु विशेष बल एवं बचाव दल मुस्तैद किए गए हैं।
सुगम यातायात एवं पार्किंग
वाहनों के सुव्यवस्थित आवागमन और जाम की स्थिति से बचने के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों पर यातायात पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
अस्थायी पुलिस चौकी एवं कंट्रोल रूम किसी भी आपातकालीन स्थिति से तत्काल निपटने और खोया-पाया केंद्र के संचालन हेतु मेला स्थल पर अस्थायी पुलिस चौकी एवं कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं सुगम यातायात के लिए जिला और पुलिस प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिला दण्डाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम द्वारा मेले में आने वाले समस्त श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में जिला एवं पुलिस प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें, यातायात एवं सुरक्षा संबंधी समस्त नियमों का पालन करें तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही अपने वाहन खड़े करें। साथ ही, किसी भी प्रकार की जनहानि से बचने के लिए सुरक्षा घेरे (बैरिकेडिंग) को पार कर गहरे पानी में स्नान न करें एवं घाटों पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

