दुकानदारों में मचा हड़कंप
मेले के इतिहास में प्रशासन की अनूठी पहलश्रद्धालुओं की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कसी कमर
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम ।
बांद्राभान ऐतिहासिक बांद्राभान मेले की परंपरा में इस बार एक नया और बेहद सकारात्मक अध्याय जुड़ गया है। मेले के इतिहास में पहली बार खाद्य सुरक्षा विभाग ने अनूठी पहल करते हुए मेला परिसर में बिकने वाली मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की मौके पर ही जांच की। आज तक मेले के आयोजनों में कभी भी इस तरह से ‘चलित खाद्य प्रयोगशाला’ (मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब) के जरिए ऑन-द-स्पॉट जांच नहीं की गई थी, लेकिन इस वर्ष श्रद्धालुओं और आमजन के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने यह बड़ा और सराहनीय कदम उठाया है। कलेक्टर के निर्देश पर मैदान में उतरी टीम कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के विशेष निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश एस. दियावार ने अपनी टीम के साथ मेले में सजी विभिन्न मिठाई दुकानों, खाद्य प्रतिष्ठानों और विक्रय केंद्रों पर दबिश दी। पहली बार मेले में चलित प्रयोगशाला के पहुंचने और विभाग की इस सख्त कार्रवाई से मिलावटखोरों व दुकानदारों में हड़कंप मच गया, वहीं श्रद्धालुओं ने प्रशासन के इस कदम की जमकर सराहना की।
37 नमूनों की मौके पर परखी गई शुद्धता निरीक्षण अभियान के दौरान चलित प्रयोगशाला के माध्यम से मिठाइयों और व्यंजनों की शुद्धता की तत्काल परख की गई। टीम ने बर्फी, बेसन के लड्डू, नारियल बर्फी, मावा मिठाई, केसर बर्फी और सब्जी सहित अन्य खाद्य पदार्थों के कुल 37 नमूने एकत्रित कर उनकी गुणवत्ता जांची। नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने सभी दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के नियमों और स्वच्छता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के सख्त निर्देश दिए हैं। दुकानदारों को स्पष्ट हिदायत दी गई है कि खाद्य सामग्री को पूरी तरह ढंककर, स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में रखा जाए। ग्राहकों को केवल शुद्ध, ताजा और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ ही परोसे जाएं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ कर दिया है कि मेले में आने वाले नागरिकों की सेहत से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष जांच अभियान पूरे मेले के दौरान निरंतर जारी रहेगा।

