

नर्मदापुरम / नर्मदापुर युवा मंडल द्वारा प्रत्येक रविवार नेहरू पार्क में आयोजित होने वाला संगीतमय कार्यक्रम ‘सुरीला नर्मदापुरम’ इस रविवार भी गीत-संगीत और सुरों की खूबसूरत प्रस्तुतियों से सजा। कार्यक्रम में 30 से अधिक स्थानीय संगीत कलाकारों ने अपनी गायकी का हुनर प्रदर्शित करते हुए एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत किए और उपस्थित श्रोताओं को संगीतमय शाम का आनंद दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके बाद कलाकारों ने अपनी मधुर आवाज और शानदार प्रस्तुतियों से माहौल को संगीतमय बना दिया। विभिन्न गीतों की प्रस्तुतियों के बीच श्रोताओं ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और शहर में संगीत एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित यह आयोजन संगीत प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम के समापन पर नर्मदापुर युवा मंडल के सचिव मनीष परदेशी, सूरज तलरेजा एवं हरीश मांझी ने सभी गायक कलाकारों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन निकिता बरयानी ने किया, जबकि भारती शुक्ला ने उपस्थित कलाकारों एवं श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। ‘सुरीला नर्मदापुरम’ के माध्यम से प्रत्येक रविवार स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है, वहीं शहर में संगीत, कला और सांस्कृतिक वातावरण को भी निरंतर बढ़ावा मिल रहा है।

