

नर्मदापुरम / दो-तीन दिन पहले हमारी “सत्य की आवाज” की खबर का हुआ असर। एकादशी पर्व के चलते शहर के बाजारों में भारी भीड़ उमड़ी। त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया।
अभियान का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष मिश्रा ने किया। उनके साथ निरीक्षक यातायात सुनीता पटेल एवं यातायात पुलिस की पूरी टीम मौजूद रही। टीम ने शहर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर चेकिंग की।
इस दौरान तेज आवाज वाले मोडिफाइड साइलेंसर लगी 5 बुलेट मोटरसाइकिलों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इन वाहनों से आम लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। तेज आवाज से बाजार में आए श्रद्धालुओं, महिलाओं और बुजुर्गों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा था।
यातायात पुलिस ने मौके पर ही इन वाहनों के साइलेंसर उतरवाए और नियमानुसार चालानी कार्रवाई की।
उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष मिश्रा ने बताया कि त्योहारों के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मोडिफाइड साइलेंसर, बिना नंबर प्लेट, बिना हेलमेट और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और त्योहार के दौरान बाजार में अनावश्यक रूप से वाहन लेकर न आएं, ताकि आम जनता को परेशानी न हो।

