
नर्मदापुरम / स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेंण्डरी स्कूल की तीन होनहार छात्राओं ने खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं जिले का गौरव बढ़ाया है। छात्राओं का चयन राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। चयनित छात्राओं में कक्षा छठवीं की दीक्षा कनोजिया एवं सेजल हुड्डा तथा कक्षा आठवीं की रिया भारती शामिल हैं।
तीनों छात्राओं ने जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में शानदार खेल कौशल, उत्कृष्ट प्रदर्शन और खेल भावना का परिचय देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी जगह सुनिश्चित की। उनकी इस उपलब्धि के पीछे नियमित अभ्यास, अनुशासन, कठिन परिश्रम और खेल के प्रति समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। छात्राओं के चयन की खबर मिलते ही विद्यालय में हर्ष और उत्साह का माहौल बन गया।
इस अवसर पर प्राचार्या श्रीमती मोना चटर्जी ने छात्राओं की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी खेल में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रतिभा के साथ निरंतर अभ्यास, धैर्य और आत्मविश्वास बेहद जरूरी है। हमारी छात्राओं ने अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास से विद्यार्थी अपनी क्षमताओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं। हमें अपनी तीनों छात्राओं पर गर्व है और आशा है कि वे राज्य स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन करेंगी।
डायरेक्टर डॉ. आशीष चटर्जी ने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास अत्यंत आवश्यक है। खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में चुनौतियों का सामना करने, टीम के साथ आगे बढ़ने और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सीख भी देते हैं। विद्यालय सदैव ऐसी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करता रहेगा, जो अपनी मेहनत और लगन से नई उपलब्धियां हासिल करने का जज्बा रखती हैं। तीनों छात्राओं का राज्य स्तर के लिए चयन विद्यालय के लिए गर्व का विषय है।
विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त विद्यालय परिवार ने तीनों छात्राओं को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

