


नर्मदापुरम / मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती तृप्ति शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के उपलक्ष्य में शुक्रवार को एडीआर भवन जिला न्यायालय नर्मदापुरम में बाइक रैली एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
बाइक रैली को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती तृप्ति शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय दीपक गुप्ता, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह राजपूत, विशेष न्यायाधीश मनोज कुमार, जिला न्यायाधीश दिनेश कुमार नोटिया, जिला न्यायाधीश/सचिव दीपक चौधरी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट फिरोज अख्तर, जिला विधिक सहायता अधिकारी अभय सिंह, समस्त न्यायिक मजिस्ट्रेट, न्यायालयीन कर्मचारीगण, पुलिस, प्रशासन व अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
रैली में न्यायाधीशगण, कर्मचारी, पुलिस, प्रशासन और अधिवक्ताओं ने हिस्सा लिया। रैली के माध्यम से आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता, उनके कानूनी अधिकारों एवं न्याय तक सुलभ पहुंच के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
इसी क्रम में जिला न्यायालय परिसर में शासन की कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं की प्रदर्शनी के साथ जेल, राजस्व, जनजातीय कार्य, पशुपालन एवं डेयरी, जनपद पंचायत (स्वसहायता समूह), महिला एवं बाल विकास, वन स्टॉप सेंटर, सामाजिक न्याय, श्रम, कृषि एवं शिक्षा विभाग ने अपनी योजनाओं की जानकारी दी तथा पंपलेट वितरित किए।
कार्यक्रम के अंत में जिला न्यायाधीश/सचिव दीपक चौधरी ने सभी संस्थाओं एवं विभागों के सहयोग के लिए आभार प्रकट किया।

