
नर्मदापुरम / मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित परमानंद भाई पटेल ट्रॉफी अंडर-22 बालक वर्ग के अंतर्गत मेजबान नर्मदापुरम संभाग ने चंबल संभाग को 9 विकेट से करारी शिकस्त देकर प्रतियोगिता में शानदार आगाज किया। एमपीसीए ग्राउंड, नर्मदापुरम पर खेले गए चार दिवसीय मुकाबले के अंतिम दिन नर्मदापुरम के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत सुनिश्चित की।
मैच के चौथे एवं अंतिम दिन चंबल संभाग ने अपनी दूसरी पारी को कल के स्कोर 264 रनों से आगे बढ़ाया। टीम ने आज 102 रन और जोड़कर कुल 366 रनों पर अपने सभी विकेट गंवा दिए। चंबल की ओर से सोमू शिकरवार ने 100 रनों की शतकीय पारी खेली, जबकि शिखर अग्रवाल ने 69, गार्विक शर्मा ने 48 तथा स्पर्श धाकड़ ने 44 रनों का योगदान दिया। नर्मदापुरम की ओर से सौरव वर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट तथा प्रशांत कासदे ने 2 विकेट हासिल किए।
पहली पारी में 190 रनों की बढ़त के आधार पर नर्मदापुरम को जीत के लिए 177 रनों का लक्ष्य मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए नर्मदापुरम के सलामी बल्लेबाज साहिल कवाड़े ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए नाबाद 100 रनों की शतकीय पारी खेली। उनका माधव शर्मा ने 62 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर भरपूर साथ दिया। दोनों बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत नर्मदापुरम ने 1 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर मुकाबला 9 विकेट से अपने नाम कर लिया।
उल्लेखनीय है कि साहिल कवाड़े ने इस मुकाबले की दोनों पारियों में शतक लगाकर अपनी असाधारण बल्लेबाजी प्रतिभा का परिचय दिया। पहली पारी में उन्होंने नाबाद 162 रन बनाए थे, जबकि दूसरी पारी में नाबाद 100 रन बनाकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पुरस्कार एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी सदस्य अनुराग मिश्रा एवं जिला क्रिकेट संघ नर्मदापुरम के अध्यक्ष राजेश चौरे और संजय नाफड़े चेयरमैन सीनियर सिलेक्शन कमेटी द्वारा प्रदान किया गया।
इस अवसर पर एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी सदस्य अनुराग मिश्रा ने कहा कि नर्मदापुरम संभाग की टीम ने पूरे मुकाबले में बेहतरीन क्रिकेट का प्रदर्शन किया। विशेष रूप से साहिल कवाड़े ने दोनों पारियों में शतक लगाकर शानदार बल्लेबाजी की, जो प्रशंसनीय है। माधव शर्मा एवं अक्षत सोलंकी ने भी बल्लेबाजी में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं गेंदबाजी में लव दुबे एवं सौरव वर्मा ने प्रभावशाली प्रदर्शन कर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस शानदार प्रदर्शन के लिए पूरी टीम एवं कोच बधाई के पात्र हैं। उन्होंने आगामी मुकाबलों के लिए टीम को शुभकामनाएं भी दीं।
नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के मानसेवी सचिव प्रदीप तोमर ने कहा कि चार दिवसीय मुकाबले में नर्मदापुरम संभाग ने शानदार जीत दर्ज कर प्रतियोगिता में बेहतरीन शुरुआत की है एवं नर्मदापुरम संभाग अपना अगला मैच खेलने उज्जैन संभाग से खेलने उज्जैन जाएगी।
मैच में एमपीसीए अंपायर रोहित धाकड़ एवं अनुज सिंह ने अंपायरिंग की। ऑनलाइन स्कोरर सचिन गोस्वामी तथा ऑफलाइन स्कोरर शिशुपाल सिंह राजपूत रहे। नर्मदापुरम संभाग के कोच सुनील शर्मा एवं मैनेजर मनोहर बिलथरिया तथा चंबल संभाग के कोच सनत गुर्जर एवं मैनेजर राहुल शर्मा रहे।
मैच के दौरान एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी सदस्य अनुराग मिश्रा, एमपीसीए मैच रेफरी कीर्ति चौधरी, सिलेक्टर सचिन धौलपुरे, जिला क्रिकेट संघ अध्यक्ष राजेश चौरे, सीनियर सिलेक्शन कमेटी चेयरमैन संजय नाफड़े, जूनियर सिलेक्शन कमेटी चेयरमैन चेतन राजपूत, नर्मदापुरम, कॉर्डिनेटर नितेश राजपूत, फिटनेस कोच तरुण रावत, नर्मदापुरम अंपायर आदित्य राजपूत, कोच जयेश सिंह, कुणाल पटेल सहित ग्राउंड स्टाफ उपस्थित रहा।
स्कोर कार्ड….
चंबल संभाग – पहली पारी: 235 रन ऑल आउट
– शिखर अग्रवाल – 71 रन
– सोमू शिकरवार – 44 रन
– लव दुबे – 6 विकेट
नर्मदापुरम संभाग – पहली पारी: 425 रन ऑल आउट….
– साहिल कवाड़े – 162* रन
– अक्षत सोलंकी – 104 रन
– सोमू शिकरवार – 3 विकेट
– उदय यादव – 2 विकेट
– शिखर अग्रवाल – 2 विकेट
चंबल संभाग – दूसरी पारी: 366 रन ऑल आउट….
– सोमू शिकरवार – 100 रन
– शिखर अग्रवाल – 69 रन
– गार्विक शर्मा – 48 रन
– स्पर्श धाकड़ – 44 रन
– सौरव वर्मा – 4 विकेट
– प्रशांत कासदे – 2 विकेट
नर्मदापुरम संभाग – दूसरी पारी: 177/1
– साहिल कवाड़े – 100* रन
– माधव शर्मा – 62 रन
परिणाम: नर्मदापुरम संभाग 9 विकेट से विजयी।
प्लेयर ऑफ द मैच: साहिल कवाड़े (नर्मदापुरम संभाग)।

