
नर्मदापुरम / भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत पूजन की परंपरा से प्रेरणा लेते हुए नर्मदापुरम में नर्मदा समग्र के तत्वावधान में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ पर्वत पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण प्रेमियों एवं युवाओं ने पर्वत, वन, जलस्रोत और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए इनके संरक्षण का संकल्प लिया।
नर्मदापुरम संभाग समन्वयक नवीन बोड़खे ने बताया कि भारतीय संस्कृति में पर्वत पूजन की परंपरा प्रकृति के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है। पर्वत, वन और नदियां हमारी जीवनदायिनी प्राकृतिक संपदा हैं। पर्वतों से ही नदियों को जल प्राप्त होता है तथा वन एवं पर्वतीय क्षेत्र जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रकृति की पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि प्रकृति संरक्षण का भाव हमारे व्यवहार और जीवनशैली में भी दिखाई देना चाहिए।
बोड़खे ने कहा कि पर्वतों एवं वनों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। वर्तमान समय में समाज को प्रकृति के साथ अपने संबंधों को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है। जल, जंगल, जमीन और जैव विविधता के संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सामूहिक प्रयास करने होंगे। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में घाट टोली प्रमुख उमाशंकर चौबे, अनिल अग्रवाल, प्रकाश शर्मा, सुयश मिश्रा, पवन मीणा एवं नर्मदा समग्र के संभाग समन्वयक नवीन बोड़खे सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पर्वत पूजन के माध्यम से सभी ने प्रकृति के प्रति सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के माध्यम से समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रकृति संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देना रहा।

