
नर्मदापुरम / शासकीय गृहविज्ञान अग्रणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 14 नवम्बर से 20 नवम्बर तक बाल संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत बाल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता अहिरवार एवं राष्ट्रीय सेवा योजना जिला संगठक डॉ. हर्षा चचाने के मार्गदर्शन, प्रशासनिक अधिकारी डाॅ. जी.सी. पांडे, स्वामी विवेकानंद केरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ प्रभारी डाॅ. रागिनी सिकरवार तथा राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी सुश्री पूजा गोस्वामी के नेतृत्व में किया गया।
बाल संरक्षण सप्ताह के दौरान छात्राओं के लिए स्लोगन प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता, मानव श्रृंखला, व्याख्यान, वीडियो मेकिंग सहित विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से बाल अधिकारों, बाल संरक्षण तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। सप्ताह के अंतिम दिवस बाल अधिकार, संरक्षण एवं बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से बाल विवाह रोकने, बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने तथा सुरक्षित एवं स्वस्थ बाल्यावस्था सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
स्लोगन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान आकृति तिवारी, द्वितीय स्थान कंचन काजले एवं तृतीय स्थान उमा परते ने प्राप्त किया। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान दिशा पटेल, द्वितीय स्थान निर्मला राजपूत एवं तृतीय स्थान कंचन काजले ने प्राप्त किया। वहीं वीडियो मेकिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सलोनी दुबे, द्वितीय स्थान हुमेरा अली एवं तृतीय स्थान आकृति तिवारी ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय से श्रीमती मनीषा वाघमारे उपस्थित रहीं। इस अवसर पर महाविद्यालय की बड़ी संख्या में छात्राओं ने सहभागिता करते हुए बाल संरक्षण एवं बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

