




नर्मदापुर / पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला द्वारा जिले में अपराध नियंत्रण एवं फरार वारंटियों की त्वरित गिरफ्तारी, गुंडे, निगरानी बदमाशों एवं संदिग्धों की चेकिंग हेतु जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में दिनांक 19 एवं 20 नवंबर की मध्य रात्रि व्यापक स्तर पर रात्रि कांबिंग गश्त कराई गई।
रात्रि कांबिंग गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना इटारसी एवं कोतवाली पहुंचकर कांबिंग गश्त हेतु बनाई गई पृथक-पृथक टीमों सहित संपूर्ण पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए अधिक से अधिक स्थाई/गिरफ्तारी वारंटों की तामीली व वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, साथ ही समस्त गुंडा, निगरानी, हिस्ट्रीशीटर, आदतन अपराधियों व संदेही व्यक्तियों के संदिग्ध ठिकानों की सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना माखननगर एवं थाना देहात पहुंचकर गश्त में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों को ब्रीफ किया गया।
समस्त अनुविभागीय अधिकारी पुलिस द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत थानों का लगातार भ्रमण कर गश्त को प्रभावी बनाया।
रात्रि कांबिंग गश्त की उपलब्धियां…..
इस विशेष कार्यवाही के दौरान थाना माखननगर पुलिस द्वारा 37 साल से फरार धारा 302 (हत्या) के वारंटी सालिगराम पिता बुद्धाराम जिसकी गिरफ्तारी हेतु 2,000 रु. की उद्घोषणा की गई थी (जो पिपरिया में नाम बदलकर रह रहा था) को गिरफ्तार किया गया।
थाना देहात पुलिस द्वारा चेक बाउंस एवं धारा 420 (धोखाधड़ी) के कई गंभीर अपराधों में लंबे समय से फरार चल रही महिला आरोपी श्वेता तिवारी (पति/पिता रजनीकांत तिवारी, उम्र 41 वर्ष, निवासी अग्रवाल एक्सोटिका, हरदा बायपास रोड, नर्मदापुरम) को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता प्राप्त की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी की अनेक शिकायतें हैं और यह अलग-अलग तरीकों से लोगों को ठगने की घटनाएं कारित करती थी। इसके विरुद्ध पूर्व से ही थाना देहात में धारा 420 का एक मामला (अपराध क्रमांक 597/2026) पंजीबद्ध है, जिसमें ₹15 लाख की धोखाधड़ी का आरोप है। इसके अतिरिक्त, इसके नाम पर थाना देहात में धारा 138 एन.आई. एक्ट के 04 स्थायी वारंट (SCNIA 285/25, 284/25, 747/25, 143/25) जारी थे, जिनमें से वारंट क्रमांक 284/25 में ₹3.70 लाख और वारंट क्रमांक 747/25 में ₹25 लाख (संयुक्त) की राशि शामिल है। श्वेता तिवारी के खिलाफ केवल नर्मदापुरम ही नहीं बल्कि अन्य जिलों में भी कई बड़े मामले दर्ज हैं। इनमें थाना इटारसी में अपराध क्रमांक 733/12 (धारा 406, 420) के तहत ₹2.5 लाख, सिविल लाइन सागर में अपराध क्रमांक 179/20 (धारा 420, 34) के तहत ₹90,000, और मदनमहल जबलपुर में अपराध क्रमांक 218/23 (धारा 420,120बी, 34) के तहत ₹1 लाख (या कुल ₹9 लाख अन्य के साथ) की धोखाधड़ी शामिल है। इसके अलावा, डोलरिया और सिवनी मालवा थानों में भी इसके विरुद्ध धारा 138 एन.आई. एक्ट के स्थायी वारंट (SCNIA 519/19) लंबित थे, जिनमें डोलरिया का वारंट ₹4 लाख का है। इस प्रकार श्वेता तिवारी के विरुद्ध अलग अलग थानों में कुल 04 अपराध में लगभग 51,10,000 रु की धोखाधडी प्रकरण पंजीबद्ध है साथ ही 06 वारंट जारी है। पुलिस द्वारा इसकी गिरफ्तारी को एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
रात्रि कांबिंग गश्त के दौरान थाना इटारसी द्वारा सबसे ज्यादा 26 वारंटी गिरफ्तार करते हुए, सर्वाधिक 38 गुंडे, 26 निगरानी बदमाश एवं 25 संदिग्धों की चेकिंग की गयी।
उक्त कांबिंग गश्त में 06 राजपत्रित अधिकारी सहित लगभग 16 थानों का 270 का पुलिस बल एवं 24 पुलिस टीमें लगाई गईं, जिन्होंने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़ा तथा बदमाशों व संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग की।इस प्रकार जिले में रात्रि कांबिंग गश्त के दौरान कुल 183 फरार वारंटी गिरफ्तार किए गए, साथ ही कुल 169 गुंडा बदमाश, 90 निगरानी बदमाश तथा 213 संदिग्ध व्यक्तियों (कुल 472) को चेक कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की गई। नर्मदापुरम पुलिस द्वारा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु इस प्रकार की सघन कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन एवं समस्त अनुविभागीय अधिकारी पुलिस व उप पुलिस अधीक्षक के पर्वेक्षण में थानावार टीमें गठित कर संपूर्ण कार्यवाही की गई।

