
नर्मदापुरम / पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश पचौरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से महान वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर उन्हें अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की है। सुरेश पचौरी ने लिखा कि स्वाधीनता संग्राम में अदम्य साहस, वीरता और राष्ट्रभक्ति का परिचय देने वाली महान वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर उन्हें विनम्र नमन । उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अद्भुत शौर्य, अदम्य साहस और अटूट राष्ट्रभक्ति का परिचय देते हुए अंग्रेजी हुकूमत का डटकर मुकाबला किया। विदेशी सत्ता के विरुद्ध संघर्ष करते हुए उन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। पचौरी ने कहा कि माँ भारती के लिए उनका यह अमर बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणादायक रहेगा। इस संदेश के साथ ही उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई का एक चित्र भी साझा किया है, जिसमें वे घोड़े पर सवार होकर युद्ध के मैदान में तलवार लिए नजर आ रही हैं।

