
नर्मदापुरम / बुधनी / कहते हैं कि अपराधी कितना भी शातिर क्यों ना हो कानून से नहीं बच पाता है और कुछ ना कुछ सबूत छोड़ ही देता जिससे वह पुलिस के शिकंजे में आ जाता है। मामला बुधनी थाना क्षेत्र के कुचरो मोहल्ले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की मुख्य वजह करीब दो लाख रुपये की उधारी और ब्याज चुकाने से बचना था। आरोपियों ने कथित तौर पर अपने साथ लाई गई कुल्हाड़ी से वार कर राकेश मीणा, उनकी पत्नी राधा मीणा और बेटे अभिन मीणा की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त की है।
घर के अंदर मिले तीनों के शव….
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7:55 बजे वार्ड क्रमांक 12, कुचरो मोहल्ला निवासी 20 वर्षीय हेमराज मेहरा अपने घर के बाहर भजन कर रहा था। इसी दौरान पड़ोसी राकेश मीणा के घर के अंदर से बकरियों के चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं। पड़ोस में रहने वाली नेहा कुशवाह के कहने पर हेमराज ने घर के अंदर जाकर देखा तो गैलरी में खून फैला हुआ था। अंदर पहुंचने पर राकेश मीणा (47), उनकी पत्नी राधा मीणा (45) और बेटे अभिन मीणा (18) के शव पड़े मिले। तीनों के सिर पर किसी ठोस हथियार से गंभीर वार किए गए थे।
हेमराज ने तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस अधिकारी बल के साथ मौके पर पहुंचे और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 506/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
उधारी से बचने के लिए रची हत्या की साजिश…..
पुलिस की विवेचना में सामने आया कि आरोपी जगदीश ने मृतक राकेश मीणा से लगभग दो लाख रुपये उधार लिए थे। इस रकम को ब्याज सहित लौटाना था। साथ ही, कर्ज चुकाने तक जगदीश की फसल से भी हिस्सा लेने की बात सामने आई थी। पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद के चलते जगदीश ने अपने साथी अनिल के साथ मिलकर राकेश और उसके परिवार की हत्या की योजना बनाई, ताकि उसे उधारी की रकम वापस न करनी पड़े।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी 16 नवंबर की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच राकेश के घर पहुंचे। बातचीत के बहाने दरवाजा खुलवाने के बाद उन्होंने कथित तौर पर अपने साथ लाई गई कुल्हाड़ी से तीनों के सिर पर वार किए। वारदात के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से मृतक का मोबाइल फोन टॉयलेट में डालकर पानी बहा दिया।
फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों से मिली मदद….
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस ने जांच तेज की। घटनास्थल पर फॉरेंसिक विशेषज्ञों, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों और डॉग स्क्वाड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी…..
1. जगदीश पिता अकालसिंह बारेला (40 वर्ष), निवासी ग्राम यारनगर, थाना बुधनी, जिला सीहोर।
2. अनिल पिता अमरसिंह भिलाला (20 वर्ष), निवासी ग्राम खांडाबड़, थाना बुधनी, जिला सीहोर।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जब्त की है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका….
इस कार्रवाई में एसडीओपी रवि शर्मा, थाना प्रभारी बुधनी सुनील ठाकुर, थाना प्रभारी शाहगंज दिनेश सिंह चौहान, उपनिरीक्षक संदीप जाट, राजेश मालवीय, सहायक उपनिरीक्षक अशोक कुमार कटारिया सहित पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साइबर सेल के सुशील साल्वे और शैलेंद्र का भी योगदान रहा।
पुलिस अधीक्षक सीहोर श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा, थाना प्रभारी सुनील ठाकुर के मार्गदर्शन में सनसनी खेज हत्याकांड का पर्दाफाश किया।

