
नर्मदापुरम / प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय नर्मदा महाविद्यालय, नर्मदापुरम के वाणिज्य विभाग के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए 30 घंटे का ‘ध्यान के माध्यम से सॉफ्ट स्किल डेवलपमेंट सर्टिफिकेट कोर्स’ प्रारंभ हुआ।
वाणिज्य विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मीना कीर ने सभी अतिथियों एवं विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने कोर्स के उद्देश्य और प्रारूप पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन, समय प्रबंधन और डिटॉक्स प्रैक्टिसेस जैसे महत्वपूर्ण सॉफ्ट स्किल्स विकसित करने के लिए रिलैक्सेशन, ध्यान और शुद्धिकरण की तकनीकें सिखाई जाएंगी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रामकुमार चौकसे ने कहा कि महाविद्यालय का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है और इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए यह सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किया गया है।
सत्र के दौरान हार्टफुलनेस संस्था के प्रशिक्षक तथा वाणिज्य विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. योगेश खंडेलवाल ने हार्टफुलनेस संस्था का परिचय दिया और व्यक्तित्व विकास में ध्यान की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। इसके पश्चात हार्टफुलनेस संस्था के प्रशिक्षक श्री विनय पालीवाल द्वारा विद्यार्थियों को रिलैक्सेशन तथा ध्यान का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
इस अवसर पर डॉ. ममता गर्ग, डॉ. केशव मिश्रा, डॉ. दिनेश श्रीवास्तव, उमेश सेन सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

