
नर्मदापुरम / कोठी बाजार स्थित बालाजी क्लिनिक में भोपाल के प्रसिद्ध हृदय रोग एवं सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सक डॉ. सुशील मीना (MBBS, MD) के नेतृत्व में निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सैकड़ों मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सक से निशुल्क परामर्श प्राप्त किया।
शिविर में डॉ. सुशील मीना ने मधुमेह, उच्च रक्तचाप, थायराइड, बुखार, खांसी, दिल की धड़कन तेज होना, घबराहट, पीलिया, पेट दर्द, हर्निया, हाइड्रोसील, ट्यूमर, सांस लेने में तकलीफ एवं जोड़ों के दर्द सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों की जांच कर उचित परामर्श दिया। शिविर में डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और ईसीजी सहित कई आवश्यक जांचें निशुल्क की गईं। हृदय संबंधी समस्याओं से परेशान मरीजों का विशेष परीक्षण कर उन्हें उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी जरूरी मार्गदर्शन भी दिया गया।
इस दौरान डॉ. सुशील मीना ने मरीजों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि नियमित दिनचर्या, संतुलित खानपान, भोजन में संयम और सुबह की सैर को अपनी आदत में शामिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवनशैली में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव अपनाकर कई बीमारियों से बचाव किया जा सकता है और स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखा जा सकता है।
शिविर का आयोजन सतीश कुमार, हेड ऑफ मार्केटिंग, द्वारा किया गया। शिविर में डॉ. सतीश कुमार बामने विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही बालाजी क्लिनिक के चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं नर्सिंग स्टाफ ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देते हुए मरीजों को अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
आयोजित शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, समय पर जांच के लिए प्रेरित करना तथा जरूरतमंद मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराना रहा।

