
नर्मदापुरम / शहर में आंवला नवमीं के पावन पर्व पर बुधवार को शहर के नेहरू पार्क में मातृशक्तियों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ आंवले के वृक्ष की पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने विधि-विधान से पूजन कर आंवले के वृक्ष की परिक्रमा की तथा परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार आंवले के वृक्ष के समीप पूजन सामग्री अर्पित कर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए। इसके बाद सामूहिक रूप से भजन-कीर्तन किए गए, जिससे पूरा नेहरू पार्क भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। महिलाओं ने भक्ति गीतों के माध्यम से भगवान का स्मरण किया और पर्व की धार्मिक महत्ता पर प्रकाश डाला। आंवला नवमीं के अवसर पर मातृशक्तियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं और भारतीय परंपरा एवं धार्मिक महत्व बताया। इस मौके पर ज्योति वर्मा, प्रीति खरे,रितु श्रीवास्तव, प्रिया श्रीवास्तव, श्रद्धा यदु, उर्मिला भाटी, ममता तिवारी, जानकी सहित अनेक महिलाएं मौजूद थीं।

