
नर्मदापुरम / इटारसी / सामान्य वनमंडल के डीएफओ गौरव शर्मा के दिशा निर्देशन में एवं एसडीओ श्री पटेल के मार्गदर्शन में इटारसी वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा ओर उनकी टीम ने 3 सागौन माफियाओं को गिरफ्तार कर अवैध सागौन बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। तत्संबंध में बताया गया कि 12 नवंबर 2026 से 24 नवंबर 2026 तक वन सुरक्षा पखवाड़ा संचालित किया जा रहा है। उक्त पखवाड़े के अंतर्गत संवेदनशील वन क्षेत्र छीपी खापा में अवैध लकड़ी कटाई करते हुए वन विभाग की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपी दिलारी पुत्र रामभरोसे एवं रवि पुत्र रामा दोनों निवासी छीपी खापा को वन क्षेत्र से लकड़ी एवं कुल्हाड़ी सहित गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 13707/87 पंजीबद्ध किया गया है।पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा दिए गए कथनों में यह तथ्य सामने आया कि वे विगत 4 वर्षों से अवैध कटाई में संलिप्त रहे हैं। उनके द्वारा यह भी बताया गया कि वर्ष 2025 की वर्षा ऋतु में यह कार्य बंद रखा गया था। किंतु इस वर्ष दिवाली पर्व के उपरांत पुनः अवैध कटाई प्रारंभ की गई।आरोपियों के बयानों में अन्य व्यक्तियों के संलिप्त होने की जानकारी प्राप्त होने के आधार पर पुनः छापामार कार्रवाई करते हुए मुख्य सहयोगी पप्पू पुत्र गुरुदयाल को गिरफ्तार किया गया है।जबकि अन्य संदिग्ध फरार पाए गए हैं।गिरफ्तार आरोपी पप्पू, वन समिति अध्यक्ष, छीपीखापा है।जिसके द्वारा अपने बयानों में इस अवैध कटाई कार्य में विगत कई वर्षों से संलिप्त होना स्वीकार किया गया है। उसके द्वारा यह भी बताया गया कि पिछले एक वर्ष से सख्ती बरते जाने के कारण यह कार्य बाहरी एवं सुदूर क्षेत्रों में किया जा रहा था तथा डेढ़ वर्ष पूर्व इस अवैध आय से एक ट्रैक्टर भी क्रय किया गया है।छीपीखापा क्षेत्र में हुई इस अवैध कटाई के कारण विभाग की छवि प्रभावित हुई है। प्रकरण में अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के नाम भी प्रकाश में आ रहे हैं, जिनके विरुद्ध वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशानुसार आगामी छापामार कार्रवाई की जाएगी। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। आरोपियों के बयानों के आधार पर पूर्ववर्ती प्रकरणों का मिलान कर विधिवत सत्यापन किया जाएगा।
जंगल में अवैध कटाई करके सागौन तस्कर ने खरीदा ट्रेक्टर….
गौरतलब रहे कि इटारसी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले छीपीखापा के जंगल में दो वर्ष पहले हुई करोड़ों के अवैध सागौन कटाई का मामला अभी तक सुर्ख़ियों में है। जिसके आरोपी अभी तक नहीं पकड़ाए।इस छीपी खापा में हुई अवैध कटाई कांड का खामियाजा आज तक बड़े वन अफसर से लेकर निचले तबके के कुछ वन कर्मचारी भोग रहे हैं। इटारसी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाली इस सर्किल को अतिसंवेदनशील मानकर यहां पर वन विभाग की टीम की विशेष नज़र है।जिसके चलते वन विभाग की टीम को यह सफलता मिली।इस कार्रवाई में एक बात सामने आई है कि जो आरोपी पकड़े गए हैं उन्होंने यह स्वीकार किया है कि इस सर्किल में वे चार पांच वर्षों से अवैध कटाई कर रहे हैं। सिर्फ बारिश के मौसम में वे अवैध कटाई नहीं करते थे।बाकी के मौसम में करते थे । बहरहाल वन विभाग को इन पकड़े गए सागौन तस्करों से कड़ाई से पूछताछ करना चाहिए ताकि पूर्व में हुई करोड़ो की अवैध सागौन कटाई मामले का भी पता लग सके। हालांकि वन विभाग की कार्रवाई अभी जारी, पकड़े गए आरोपियों ने कुछ ओर लोगों के इस अवैध कटाई में शामिल होने की जानकारी दी है। जिनकी तलाश वन टीम ने शुरू कर दी है।

