
सिवनी मालवा / नकुल मालवीय / क्षेत्र में रबी सीजन के दौरान किसानों को खाद और यूरिया की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन सख्त हो गया है। इसी कड़ी में एस.डी.एम सिवनी मालवा विजय राय ने धर्मकुंडी स्थित डबल लॉक (सोसाइटी गोदाम) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद एवं यूरिया वितरण में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिस पर प्रशासनिक स्तर पर त्वरित कार्रवाई की गई है।
दो घंटे तक बंद मिला गोदाम, किसानों को हो रही थी परेशानी…….
औचक निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम को धर्मकुंडी डबल लॉक गोदाम करीब दो घंटे तक बंद मिला। गोदाम बंद रहने और वितरण व्यवस्था में लापरवाही सामने आने पर एस.डी.एम विजय राय ने गहरी नाराजगी जताई। मौके पर मौजूद किसानों और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद एसडीएम ने तत्काल प्रभाव से गोदाम प्रभारी को कारण बताओ (शो-कॉज) नोटिस जारी किया है।
रबी सीजन के लिए जारी है खाद और डीएपी की आपूर्ति……
गौरतलब है कि धर्मकुंडी डबल लॉक एक सोसाइटी है, जिसके माध्यम से क्षेत्र के किसानों को रबी मौसम के लिए खाद, यूरिया और डीएपी का वितरण किया जा रहा है। किसानों को लगातार खाद की आपूर्ति किए जाने के निर्देश हैं, लेकिन व्यवस्थाओं में मिल रही अनियमितताओं की शिकायतों के चलते प्रशासन अब खुद मैदान में उतरकर निगरानी कर रहा है।
एस.डी.एम विजय राय की इस सख्त कार्रवाई से खाद वितरण करने वाले अन्य केंद्रों में भी हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि किसानों को खाद मिलने में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

