


नर्मदापुरम / रक्षित केन्द्र नर्मदापुरम में पदस्थ तीन प्रधान आरक्षक चालकों को पदोन्नत कर सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) बनाया गया। रक्षित केन्द्र नर्मदापुरम में पदस्थ प्रधान आरक्षक चालक अरुण कुमार दुबे, प्रधान आरक्षक चालक विजयंत कुमार दुबे एवं प्रधान आरक्षक चालक राजीव चौधरी की पदोन्नति प्रधान आरक्षक के पद से सहायक उप निरीक्षक (चालक) के पद पर हुई है। इस अवसर पर कार्यालय पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम में पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम दीपक कुमार शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम अभिषेक राजन द्वारा तीनों पदोन्नत अधिकारियों के कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें विधिवत रूप से नए पद का अलंकरण किया गया और उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। पदोन्नति के इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने तीनों अधिकारियों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और अब तक की सराहनीय सेवाओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पदोन्नति न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह आपके द्वारा विभाग के प्रति समर्पित भाव से किए गए कार्यों का परिणाम है। नए पद के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं और मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी पहले से अधिक ऊर्जा, निष्ठा और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आमजन के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि को और सुदृढ़ करेंगे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन द्वारा पदोन्नत हुए सहायक उप निरीक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि पुलिस विभाग में वाहन चालकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, जो हर विपरीत परिस्थिति में बल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि तीनों अधिकारी अपने अनुभव का लाभ विभाग को देते हुए इसी प्रकार निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर रहेंगे।

