
नर्मदापुरम / इटारसी / ग्राम नागपुर कला के जितेंद्र चौधरी के खेत में एक विशालकाय अजगर दिखाई देने से क्षेत्र में हलचल मच गई। इसकी सूचना एनपी चौधरी ने सर्पमित्र टीम को फोन के माध्यम से दी। सूचना मिलते ही सर्पमित्र हर्ष प्रजापति अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक अजगर का सफल रेस्क्यू किया।
रेस्क्यू किया गया अजगर लगभग 9 फीट लंबा था। यह अजगर प्रजाति का विशालकाय, बिना विष वाला सांप था। सर्पमित्र टीम ने वन अभिरक्षक अभिजीत यादव के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार पूरी सतर्कता के साथ रेस्क्यू अभियान को सफल बनाया।
रेस्क्यू के बाद वन विभाग के निर्देशानुसार अजगर को तवा नगर के जंगल क्षेत्र में सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
इस सफल रेस्क्यू अभियान में सर्पमित्र हर्ष प्रजापति के साथ अमन प्रजापति, वंश गुर्जर, अनुराग मालवीय एवं देवू पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
टीम ने लोगों से अपील की कि खेतों या घरों के आसपास सांप दिखाई देने पर उन्हें नुकसान न पहुंचाएं, ना मारें और स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें। तुरंत प्रशिक्षित सर्पमित्र या वन विभाग को सूचना दें। वन्यजीवों की सुरक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

