
नर्मदापुरम / गोपाष्टमी का पर्व भगवान श्रीकृष्ण और गौ माता को समर्पित है जो हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाया जाता है ।
हिंदू धर्म में गाय को मां का दर्जा दिया गया है और उनकी पूजा को बेहद शुभ माना जाता है। गाय को सिर्फ आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि सुख-समृद्धि और खुशहाली से भी जोड़कर देखा जाता है। इसी वजह से हिंदू धर्म में गायों की सेवा और पूजा के लिए एक खास दिन समर्पित किया गया है, जिसे गोपाष्टमी के नाम से जाना जाता है।
गोपाष्टमी का पर्व 17 नवंबर, मंगलवार को मनाया जाएगा. इस दिन मंदिरों और गोशालाओं में खास आयोजन होते हैं और श्रद्धालु गौ माता की पूजा-अर्चना करते हैं ल।
गोपाष्टमी क्यों मनाई जाती है ?……
गोपाष्टमी का पर्व हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाया जाता है. पौराणिक कथा के मुताबिक, भगवान श्रीकृष्ण बचपन में पहले केवल बछड़ों को चराने जाया करते थे. लेकिन जब वह बड़े हुए, तब इसी दिन उन्होंने अपने बड़े भाई बलराम जी के साथ पहली बार गायों को चराने की जिम्मेदारी संभाली, भगवान कृष्ण की इस लीला को गौ-चारण लीला कहा जाता है। इसी वजह से उन्हें गोपाल और गोविंदा जैसे नामों से भी जाना जाता है. तभी से इस दिन को गोपाष्टमी के रूप में मनाने की परंपरा जुड़ी हुई है।
गोवर्धन पर्वत से भी जुड़ी है गोपाष्टमी की मान्यता……
गोपाष्टमी से जुड़ी एक दूसरी पौराणिक मान्यता गोवर्धन पर्वत की घटना से भी जुड़ी है। कहा जाता है कि जब भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र की पूजा करने के बजाय गोवर्धन पर्वत की पूजा करने के लिए प्रेरित किया, तो इंद्रदेव ने क्रोधित होकर मूसलाधार बारिश शुरू कर दी थी। तब भगवान कृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और गायों की रक्षा की थी। मान्यता है कि कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा से अष्टमी तक भगवान ने गोवर्धन पर्वत धारण किया था. इसके बाद इंद्रदेव ने अपनी हार स्वीकार की. इस घटना को भी गोपाष्टमी के धार्मिक महत्व से जोड़कर देखा जाता है।
गोपाष्टमी पर क्यों की जाती है गौ माता की पूजा ?…….
हिंदू धर्म शास्त्रों में गाय को गौ माता कहा जाता है. धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, गौ माता के शरीर में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है। यही वजह है कि गोपाष्टमी के दिन गायों की पूजा और सेवा करने का खास महत्व माना जाता है। इस दिन गौ माता और उनके बछड़ों को स्नान कराया जाता है। इसके बाद हल्दी, कुमकुम, फूलों की माला और वस्त्रों से उनका श्रृंगार किया जाता है। श्रद्धालु गायों को हरा चारा, गुड़ और पकवान खिलाते हैं। माना जाता है कि इस दिन गौ सेवा करने से देवी-देवताओं का आशीर्वाद मिलता है और घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है।
गोपाष्टमी के दिन क्या-क्या किया जाता है ?…..
गोपाष्टमी के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करने के बाद गाय और बछड़ों की पूजा की जाती है। उन्हें फूलों की माला पहनाई जाती है और माथे पर तिलक लगाया जाता है। इसके बाद उनकी आरती उतारकर हरा चारा, गुड़ और अन्य खाद्य पदार्थ खिलाए जाते हैं। कई जगहों पर श्रद्धालु गोशालाओं में जाकर गायों की सेवा करते हैं और उनकी परिक्रमा भी करते हैं। इस दिन गौ माता की सेवा करना और उनके संरक्षण का संकल्प लेना बेहद शुभ माना जाता है।

