
नर्मदापुरम / धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती के पावन अवसर पर 15 नवंबर 2026 को अनुसूचित जाति/जनजाति कर्मचारी कल्याण समिति, एस.पी.एम. नर्मदापुरम एवं आदिवासी कर्मचारी अधिकारी संगठन (आकास) के संयुक्त तत्वावधान में भव्य जयंती समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया थीं। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में बेंकटेश कुमार, मुख्य महाप्रबंधक, प्र.का.का. नर्मदापुरम उपस्थित रहे। कार्यक्रम की विशेष अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव रहीं।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने बिरसा मुंडा के आदर्शों एवं उनके अद्वितीय बलिदान को नमन करते हुए नर्मदापुरम में भगवान बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा स्थापित करने हेतु आवश्यक राशि उपलब्ध कराने का वादा किया। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव ने प्रतिमा स्थापना के लिए नगर में उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने की घोषणा की। इन दोनों घोषणाओं का उपस्थित जनसमुदाय ने स्वागत किया। इससे नर्मदापुरम में बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
समारोह में वक्ताओं ने बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष, अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध उनके ऐतिहासिक आंदोलन, जल-जंगल-जमीन की रक्षा तथा आदिवासी समाज के स्वाभिमान और अधिकारों के लिए उनके योगदान पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा केवल आदिवासी समाज के ही नहीं, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र के गौरव एवं प्रेरणास्रोत हैं। उनका संघर्ष, त्याग और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी।
कार्यक्रम में बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। नन्हे बच्चों द्वारा आदिवासी संस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत करते हुए सांस्कृतिक नृत्य किया गया। साथ ही स्वल्पाहार एवं पुरस्कार वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख अतिथिगण….
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष नर्मदापुरम, राधेश्याम वाडीवा (सीईओ, जनपद नर्मदापुरम), रंजीत ताराम (सीईओ, जनपद बाबई), अमित कुमार (अपर महाप्रबंधक, प्र.का.का. नर्मदापुरम), श्रीमती सीमा कासदे (जनपद सदस्य, ब्लॉक केसला), देवेश मरकाम (खनिज अधिकारी, नर्मदापुरम), राकेश कासदे (एसडीओ, पीडब्ल्यूडी), डॉ. नितिन मौसिक (संचालक, राज हॉस्पिटल), डॉ. ललिता उइके (शासकीय आयुर्वेदिक हॉस्पिटल), जी. कृष्ण मोहन (संयुक्त महाप्रबंधक, प्र.का.का. नर्मदापुरम) एवं शेखर कुमार मीणा (संयुक्त महाप्रबंधक, प्र.का.का. नर्मदापुरम) सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
विशेष उल्लेखनीय है कि बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापना हेतु सांसद द्वारा आर्थिक सहयोग का आश्वासन एवं नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा इस जयंती समारोह की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। इससे नर्मदापुरम में भगवान बिरसा मुंडा की स्मृति को स्थायी पहचान मिलने की उम्मीद जगी है।

