

नर्मदापुरम / इटारसी में दीपावली के अवसर पर सिद्धार्थ आर्य वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा वृद्धाश्रम में दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। संस्था के संस्थापक सिद्धार्थ आर्य एवं सदस्यों ने परिवार से दूर रह रहे वृद्धजनों के साथ बैठकर दाल-बाफले का भोजन किया तथा मिठाइयां, वस्त्र, साड़ियां एवं उपहार वितरित कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर सिद्धार्थ आर्य ने कहा, “जिन माता-पिता ने हमारी उंगली पकड़कर चलना सिखाया, उम्र के इस पड़ाव पर उनका हाथ थामना हमारा कर्तव्य है। किसी भी बुजुर्ग को अपनेपन और परिवार की कमी महसूस नहीं होनी चाहिए।”
उन्होंने बताया कि फाउंडेशन का संकल्प भविष्य में वृद्धाश्रम और अनाथाश्रम को एक छत के नीचे लाना है, ताकि बेसहारा बच्चों को दादा-दादी का स्नेह और वृद्धजनों को बच्चों का प्यार मिल सके।
कार्यक्रम में पूर्व पार्षद महेश आर्य, एडवोकेट राकेश उपाध्याय, उर्मिला आर्य, मानस किशोर यादव, संजय साहू, रुद्र सिंह परिहार, हर्षित केवट, माही यादव, संदीप, सलमान, प्रदीप, नीतेश, कपिल एवं रोहित सहित संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।

