
नर्मदापुरम / इटारसी के पुराने बस स्टैंड को पुनः शुरू कराने की लड़ाई अब प्रदेश स्तर तक पहुंच गई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी (गज्जू भैया) की पहल और उनके विशेष प्रयास पर इस जनहित के मुद्दे को प्रदेश नेतृत्व के संज्ञान में लाया गया है।
इटारसी की जनता, व्यापारियों, ग्रामीणों, मजदूरों, विद्यार्थियों और यात्रियों को हो रही परेशानियों को देखते हुए गजानंद तिवारी ने प्रदेश नेतृत्व से हस्तक्षेप कर इस समस्या का निराकरण कराने का आग्रह किया।
इस पहल पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मानक अग्रवाल एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने गजानंद तिवारी के साथ आंदोलन कारियों से फोन पर विस्तृत चर्चा की। दोनों नेताओं ने पुराने बस स्टैंड के मुद्दे, आम जनता को हो रही परेशानियों, अब तक किए गए आंदोलनों और प्रशासन के साथ हुई बातचीत की पूरी जानकारी ली।
चर्चा के दौरान प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सभी आंदोलनकारी साथियों को गज्जू तिवारी के साथ मुलाकात के लिए आमंत्रित किया है, ताकि इस पूरे मामले पर विस्तार से चर्चा कर आगे की रणनीति बनाई जा सके। उन्होंने समस्या के निराकरण के लिए मार्गदर्शन एवं आवश्यक निर्देश देने की बात कही है।
वहीं मानक अग्रवाल ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए आंदोलनकारियों के साथ खड़े रहने और समस्या के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया है। वहीं हरदा के विधायक आर.के. दोगने ने विधानसभा में इस मुद्दे को उठाने की बात कही और कहा कि आंदोलन में वह स्वयं इटारसी आएंगे, जब गज्जू तिवारी ने उन्हें इटारसी की समस्या से अवगत कराया था।
अब इटारसी के पुराने बस स्टैंड का यह जनहित का आंदोलन प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन और निर्देशों के अनुसार आगे बढ़ेगा। आने वाले दिनों में आंदोलन का विस्तार और आगामी रणनीति प्रदेश नेतृत्व से चर्चा के बाद तय की जाएगी।
गजानंद तिवारी का कहना है कि हमारी मांग आज भी स्पष्ट है – नया बस स्टैंड अपनी जगह संचालित रहे, लेकिन पुराने बस स्टैंड को भी चालू किया जाए। ताकि गांवों से आने वाले लोगों, महिलाओं, बुजुर्गों, विद्यार्थियों, मजदूरों, किसानों, व्यापारियों और आम यात्रियों को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि हमने यह संघर्ष किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि इटारसी की जनता की तकलीफों को दूर करने के लिए शुरू किया है।
गजानंद तिवारी की पहल पर जनता की यह आवाज अब प्रदेश नेतृत्व तक पहुंच चुकी है। अब संघर्ष को और व्यापक रूप दिया जाएगा। जनता के अधिकार और सुविधा की इस लड़ाई में पीछे हटने का सवाल नहीं है। जब तक पुराने बस स्टैंड का समाधान नहीं होता, तब तक लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।

