

नर्मदापुरम / शासकीय कन्या महाविद्यालय इटारसी में युवा उत्सव के अंतर्गत भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित प्रश्न मंच एवं एकल नृत्य प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। दोनों प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने अपनी बौद्धिक प्रतिभा, सांस्कृतिक अभिरुचि और कलात्मक कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित प्रश्न मंच प्रतियोगिता से हुआ, जिसमें कुल छह टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में वेद, उपनिषद, भारतीय इतिहास, दर्शन एवं संस्कृति से संबंधित प्रश्न पूछे गए। छात्राओं ने सटीक उत्तर देकर अपनी ज्ञान क्षमता एवं विषय की समझ का परिचय दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. मेहरा ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं बौद्धिक विरासत है। ऐसे आयोजन छात्राओं में अपनी संस्कृति के प्रति गौरव, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करते हैं। युवा उत्सव प्रभारी श्रीमती पूनम साहू ने कहा कि महाविद्यालय का प्रयास है कि छात्राओं को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं पारंपरिक ज्ञान से भी जोड़ा जाए।
प्रश्न मंच के संचालक डॉ. शिरीष परसाई ने कहा कि सभी छह टीमों ने पूरे उत्साह और तन्मयता के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतिभागियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा और इससे स्पष्ट हुआ कि छात्राएं भारतीय ज्ञान एवं इतिहास के प्रति गहरी रुचि रखती हैं। सह-संचालिका डॉ. श्रद्धा जैन ने कहा कि प्रश्न मंच जैसी प्रतियोगिताएं छात्राओं में तार्किक चिंतन, जिज्ञासा और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति विकसित करती हैं। प्रश्न मंच के पश्चात आयोजित एकल नृत्य प्रतियोगिता में छात्राओं ने मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। विशेष रूप से शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। नृत्य की लय, ताल और भाव-भंगिमाओं के सुंदर समन्वय ने भारतीय शास्त्रीय कला की समृद्ध परंपरा को जीवंत कर दिया। एकल नृत्य प्रतियोगिता की संचालिकाओं नीतू अहिरवार एवं अदिति पटेल ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि नृत्य आत्म-अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से पारंपरिक कला के प्रति अपनी रुचि, लगन और प्रतिभा का उत्कृष्ट परिचय दिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। सभी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिताओं के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करने की घोषणा की गई। पूरे आयोजन के दौरान महाविद्यालय परिसर उत्साह, उमंग और तालियों की गूंज से सराबोर रहा।

