
नर्मदापुरम / नर्मदापुर युवा मंडल द्वारा प्रत्येक रविवार को नेहरू पार्क में आयोजित किए जाने वाले ‘सुरीला नर्मदापुरम’ संगीत कार्यक्रम में क़ल रविवार शाम 5 बजे पूर्व सैनिकों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर कार्यक्रम पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा। संगीत कलाकार देश की सेवा कर चुके पूर्व सैनिकों के सम्मान में राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुतियां देंगे। नर्मदापुर युवा मंडल के अध्यक्ष ने बताया कि देश की सीमाओं की रक्षा और मातृभूमि की सेवा में अपना जीवन समर्पित करने वाले वीर सैनिकों के त्याग, साहस और समर्पण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से ‘राष्ट्र सेवा सम्मान समारोह’ आयोजित किया जा रहा है। समारोह में देश की सेवा कर चुके पूर्व सैनिकों का सम्मान कर उनके योगदान को नमन किया जाएगा। मंडल के सचिव मनीष परदेशी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना तथा नई पीढ़ी को सैनिकों के त्याग, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के आदर्शों से प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि संगीत प्रस्तुतियों के माध्यम से पूर्व सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट की जाएगी। ‘सुरीला नर्मदापुरम’ परिवार ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में नेहरू पार्क पहुंचकर इस विशेष आयोजन में सहभागिता करें और देश के वीर सपूतों के प्रति अपना सम्मान एवं आभार व्यक्त करें।

