


नर्मदापुरम / बानापुरा / जीव ज्योति हायर सेकेंडरी स्कूल, बानापुरा में बाल दिवस के अवसर पर बच्चों द्वारा बाल मेले का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों पर विद्यार्थियों ने खान-पान की सामग्री, स्वादिष्ट व्यंजन एवं अन्य रोचक वस्तुओं का प्रदर्शन एवं विक्रय किया।
बाल मेले का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता, सहयोग की भावना तथा व्यावहारिक ज्ञान का विकास करना था। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों को स्वयं के प्रयासों से कार्य करने, आर्थिक लेन-देन समझने तथा प्रबंधन कौशल सीखने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन डॉ. प्रवीण पणिकर ने विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा के साथ-साथ ऐसे व्यावहारिक अनुभव विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर एवं जिम्मेदार बनने की प्रेरणा देते हैं।
बाल मेले में बच्चों का उत्साह और उमंग देखते ही बन रही थी। सभी विद्यार्थियों ने पूरे जोश और लगन के साथ आयोजन को सफल बनाया। विद्यालय परिवार ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

