
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस के अवसर पर आज शिवराज पार्क में बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित, चाइल्ड केयर स्कूल के संचालक अतुल शर्मा एवं नर्मदा वैली एकेडमी के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।
कार्यक्रम के दौरान चाइल्ड केयर स्कूल एवं नर्मदा वैली एकेडमी के बच्चों को शिवराज पार्क ले जाया गया, जहां विद्यार्थियों ने हर्षोल्लास के साथ बाल दिवस मनाया। बच्चों की हंसी-खुशी और किलकारियों से पूरा पार्क खुशनुमा माहौल में बदल गया। इस अवसर पर दीपक दीक्षित द्वारा दोनों स्कूलों के बच्चों को चॉकलेट वितरित की गईं। दीपक दीक्षित ने कई घंटे बच्चों के बीच बिताए ओर छोटे छोटे बच्चों को अपने हाथों से झूला झुलाया और उनके साथ खेलकूद कर बाल दिवस की खुशियां साझा कीं। बच्चों के साथ समय बिताते हुए उन्हें अपना बचपन भी याद आ गया।
दीपक दीक्षित ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू हमारे देश के पूर्व प्रधानमंत्री थे। उन्हें हम सभी प्यार से चाचा नेहरू के नाम से जानते हैं। चाचा नेहरू को बच्चों से विशेष स्नेह था, इसलिए उनके जन्मदिवस को हम प्रतिवर्ष बाल दिवस के रूप में मनाते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं। बच्चों की मुस्कान और उनका उत्साह देखकर मन प्रसन्न हो जाता है। बच्चों को अच्छी शिक्षा, संस्कार और आगे बढ़ने के अवसर देना हम सभी की जिम्मेदारी है।
वहीं चाइल्ड केयर स्कूल के संचालक अतुल शर्मा ने कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं। बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ संस्कार देना हमारा कर्तव्य है, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
नर्मदा वैली एकेडमी स्कूल से ब्रजेश पटेल एवं विक्रम सर ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियां भी आवश्यक हैं। इससे बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है।
इस अवसर पर चाइल्ड केयर स्कूल एवं नर्मदा वैली एकेडमी के विद्यार्थी, स्कूल संचालक, शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

