
नर्मदापुरम / आय से अधिक संपत्ति के मामले में भोपाल लोकायुक्त की टीम ने शनिवार सुबह वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (STR) पचमढ़ी में पदस्थ एसडीओ (SDO) संजीव शर्मा के पचमढ़ी स्थित शासकीय आवास और छिंदवाड़ा स्थित निजी निवास पर एक साथ दबिश दी गई।
विशेष न्यायालय की अनुमति से हुई कार्रवाई लोकायुक्त भोपाल द्वारा एसडीओ संजीव शर्मा के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रकरण दर्ज किया गया था। विशेष न्यायालय से तलाशी वारंट और अनुमति मिलने के बाद, लोकायुक्त की अलग-अलग टीमों ने शनिवार सुबह दोनों शहरों में एक साथ छापेमारी शुरू की।
तीन शहरों में संपत्ति का खुलासा….
प्रारंभिक जांच और तलाशी के दौरान अब तक एसडीओ संजीव शर्मा की भोपाल, छिंदवाड़ा और पचमढ़ी—इन तीन प्रमुख स्थानों पर संपत्ति होने की जानकारी सामने आई है। छिंदवाड़ा: यहाँ स्थित उनके निजी आवास पर टीम को बड़ी मात्रा में संपत्ति मिली है। पचमढ़ी यहाँ की प्रोफेसर कॉलोनी स्थित उनके सरकारी आवास में लोकायुक्त की टीम द्वारा दस्तावेजों और संपत्ति की गहन छानबीन की जा रही है।
जांच जारी फिलहाल दोनों ठिकानों पर लोकायुक्त टीम के सदस्य दस्तावेजों, बैंक खातों और अन्य निवेशों को खंगालने में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूरी जांच और मूल्यांकन संपन्न होने के बाद ही कुल अर्जित संपत्ति के वास्तविक आंकड़े का पता चल सकेगा।

