उर्वरकों, कीटनाशकों और बीजों के लिए जा रहे नमूने
जवाब संतुष्टि से नहीं देने पर भी नोटिस थमाया
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
जिले में अमानक खाद एवं उर्वरक के विक्रय एवं भंडारण पर सख्त कार्रवाई करने की निर्देश कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना द्वारा जारी किए गए हैं। इटारसी स्थित निजी उर्वरक एवं खाद वितरण केंद्र चौरे ब्रदर्स के संचालक मनोज चौरे के खिलाफ अमानक एवं नकली उर्वरक के भंडारण और बिक्री के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग के निरीक्षकों द्वारा उर्वरक, कीटनाशक और बीज विक्रेता प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है और गुणवत्ता परीक्षण के लिए उर्वरकों, कीटनाशकों और बीजों के नमूने लिए जा रहे हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। अमानक उर्वरक का भंडारण एवं विक्रय करने पर चौरे ब्रदर्स इटारसी के प्रोपराइटर मनोज चौरे के विरूद्ध पुलिस थाना इटारसी में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उवर्रक निरीक्षक सुश्री जयश्री देशमुख द्वारा खाद-बीज की दुकानों का निरीक्षण के दौरान इटारसी में संचालित उर्वरक प्रतिष्ठान- चौरे ब्रदर्स में भंडारित उवर्रक-जिंक सल्फेट 33 प्रतिशत निर्माता कंपनी नेक्सस न्यूट्री साइंस लिमिटेड केरला का नमूना लिया जाकर, उर्वरक में उपलब्ध पोषक तत्वों की मात्रा की जांच हेतु उवर्रक गुण नियंत्रण प्रयोगशाला- उज्जैन को भेजा गया था। सही रिपोर्ट नहीं पहुंचने पर स्कंध का जिले में भंडारण क्रय-विक्रय एवं परिवहन को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया गया और उर्वरक व्यापारी को सुनवाई एवं अपना पक्ष समर्थन करने का पर्याप्त अवसर देने उपरांत, किसानो को नकली खाद बेचने वाले चौरे ब्रदर्स के प्रोपराइटर मनोज चौरे के विरूद्ध पुलिस थाना इटारसी में प्राथमिकी दर्ज किए जाने के निर्देश उर्वरक निरीक्षक को दिए गए।
खाद बीज की दुकानों का भी हो रहा निरीक्षण
उवर्रक निरीक्षक डॉ. राजीव यादव द्वारा खाद-बीज की दुकानों का निरीक्षण के दौरान सिवनी मालवा में संचालित उर्वरक प्रतिष्ठान- शुभ एग्रो में भंडारित उवर्रक-जिंक सल्फेट 33 प्रतिशत निर्माता कंपनी एपेक्स फर्टीलाइजर प्रा.लिमिटेड भरूच का नमूना लिया जाकर, उर्वरक में उपलब्ध पोषक तत्वों की मात्रा की जांच हेतु उवर्रक गुण नियंत्रण प्रयोगशाला. किस्टल आइ.टी.पार्क के सामने रिंग रोल चौराह इन्दौर को प्रेषित किया गया था। कमियां पाए जाने पर स्कंध का जिले में भंडारण क्रय-विक्रय एवं परिवहन को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया गया और उर्वरक व्यापारी को सुनवाई एवं अपना पक्ष समर्थन करने का पर्याप्त अवसर देने उपरांत, किसानो को नकली खाद बेचने वाले कृत्यकर्ता शुभ एग्रो सिवनी मालवा के प्रोपराइटर नितिन रघुवंशी पुलिस थाना सिवनी मालवा में प्राथमिकी दर्ज किए जाने के निर्देश उर्वरक निरीक्षक को दिए गए।
एसडीएम ने निजी उर्वरक केंद्रों की जांच की
कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशानुसार जिले में खाद-उर्वरक के सुचारू वितरण सुनिश्चित करने हेतु समस्त अनुविभागीय अधिकारियों को निरंतर भ्रमण कर निजी उर्वरक केंद्रों के नियमित निरीक्षण कर अमानक एवं नकली खाद की रोकथाम के लिए निर्देशित किया गया है। उक्त निर्देशों के तारतम्य में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सोहागपुर सुश्री प्रियंका भलावी के नेतृत्व में संयुक्त निरीक्षण दल द्वारा सोहागपुर क्षेत्र की निजी खाद एवं उर्वरक दुकानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शिवाय ट्रेडर्स, सोहागपुर में विभिन्न अनियमितताएं पाई गईं। दुकान पर संस्थान का नाम प्रदर्शित करने हेतु बोर्ड नहीं लगा था तथा स्टॉक जांच हेतु पीओएस मशीन उपलब्ध नहीं थी। इसी प्रकार भाग्यश्री ट्रेडिंग कंपनी, करनपुर का निरीक्षण किया गया, जहां दैनिक रिपोर्ट में विक्रय मात्रा शून्य दर्ज थी। जबकि उपस्थित कृषकों द्वारा यूरिया, डीएपी एवं एस एस पी क्रय किए जाने की पुष्टि की, किंतु उनके पास बिल उपलब्ध नहीं था। किसानों के अनुसार, यूरिया 325 रुपए प्रति बोरी तथा डीएपी 1650 रुपए प्रति बोरी की दर से विक्रय किया गया।

