
नर्मदापुरम / इटारसी के पुराने बस स्टैंड को पुनः प्रारंभ करने एवं शहरवासियों, ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और मजदूर वर्ग को हो रही परेशानियों से जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत पाण्डेय (गुड्डन) ने कलेक्टर को अवगत कराया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पुराने बस स्टैंड के बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले छात्र-छात्राओं, गरीब मजदूरों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुराने बस स्टैंड के आसपास शासकीय कॉलेज, गर्ल्स कॉलेज सहित कई महत्वपूर्ण संस्थान हैं। इसके बावजूद बसों का संचालन बंद होने से आम जनता को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने कलेक्टर से मांग की कि पुराने बस स्टैंड की वास्तविक स्थिति का निराकरण करते हुए शीघ्र कोई ठोस निर्णय लिया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
इस पर कलेक्टर द्वारा आश्वासन दिया गया कि शीघ्र ही पुराने बस स्टैंड पर कुछ बसों का स्टॉपेज प्रारंभ कराया जाएगा। साथ ही स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए ऑटो संचालन की व्यवस्था की जाएगी, जिसमें किराया 10 रुपये निर्धारित किया जाएगा।
इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने कहा कि कांग्रेस जनता और व्यापारियों को हो रही परेशानी को नजरअंदाज नहीं कर सकती। पुराने बस स्टैंड का मुद्दा किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि इटारसी की जनता, विद्यार्थियों, ग्रामीणों और व्यापारियों के हितों से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन शीघ्र उचित निर्णय लेकर जनता को राहत नहीं देता है, तो कांग्रेस सर्वसम्मति से आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेगी। आंदोलन में व्यक्ति विशेष की प्राथमिकता नहीं, बल्कि जनता के मुद्दे सर्वोपरि रहेंगे। हम जनता के हक और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को राजनीति की भेंट नहीं चढ़ने देंगे।
प्रतिनिधिमंडल में जिला प्रवक्ता अनिल रैकवार, जिला कोषाध्यक्ष अतुल तिवारी, इंटक अध्यक्ष शेख रमजान एवं जिला उपाध्यक्ष दुबे उपस्थित रहे। यह जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार द्वारा दी गई है।

