
नर्मदापुरम / म्यूजिक ज़ोन नर्मदापुरम, नर्मदाअंचल की संगीत की दुनिया में एक ऐसा नाम बन चुका है, जिसने संगीत के माध्यम से प्रेम, मोहब्बत और भाईचारे की एक खूबसूरत मिसाल कायम की है। यह ऐसा मंच है, जहाँ बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक हर आयु वर्ग के लोग संगीत का आनंद लेते हैं और अपने जीवन के सुकून भरे पल बिताते हैं।
अल्प समय में ही म्यूजिक ज़ोन ने सामाजिक एवं व्यावसायिक स्तर पर अपनी एक विशिष्ट पहचान स्थापित की है। इसकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज म्यूजिक ज़ोन से प्रेरित होकर अन्य संगीत समूह भी संगीत प्रेमियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान कर रहे हैं।
म्यूजिक ज़ोन की विशेषता यह है कि यहाँ भारतीय फिल्म संगीत की समृद्ध विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुँचाने का प्रयास किया जाता है। फिल्मी संगीत के शुरुआती दौर से लेकर आज तक के सदाबहार गीतों को इस मंच पर विशेष स्थान दिया जाता है। इस कार्यक्रम मे कुंदन लाल सहगल, नूरजहाँ, शमशाद बेगम, सुरैया, गीता दत्त, उमा देवी, लता मंगेशकर, आशा भोसले, उषा मंगेशकर, अलका याज्ञनिक और श्रेया घोषाल जैसी महान गायिकाओं के साथ-साथ मोहम्मद रफी, किशोर कुमार, तलत महमूद, मुकेश, हेमंत कुमार, मन्ना डे, महेंद्र कपूर, एस.डी. बर्मन, तलत अज़ीज़, सोनू निगम, शैलेंद्र सिंह, मोहम्मद अज़ीज़, कुमार सानू, उदित नारायण, एस.पी. बालासुब्रमण्यम, के.के, अरिजीत सिंह,अभिजीत, बप्पी लाहिड़ी और सुखविंदर सिंह जैसे दिग्गज कलाकारों के सदाबहार नगमों से संगीत की महफिल सजाई जाएगी।
म्यूजिक ज़ोन के सचिव सईद कुरैशी ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था अपनी तीसरी वर्षगांठ के अवसर पर एक भव्य संगीत समारोह का आयोजन करने जा रही है। यह कार्यक्रम 15 नवंबर 2026, रविवार को दोपहर 2 बजे से पंडित रामलाल शर्मा स्कूल, हीरो शोरूम के सामने, नर्मदापुरम में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में सांसद दर्शन सिंह चौधरी, विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा एवं मध्यप्रदेश तैराकी संघ के अध्यक्ष पंडित श्री शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। म्यूजिक जोन प्रेरणा स्रोत पंडित भवानी शंकर शर्मा एवं म्यूजिक जोन के संरक्षक पंडित गिरजा शंकर शर्मा वरिष्ठ समाजसेवी राकेश फौजदार के साथ संगीत एवं साहित्य से जुड़ी हस्तियों के साथ-साथ गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर सभी संगीत प्रेमियों से सादर आग्रह है कि वे कार्यक्रम में पधारकर सुरों से सजी इस यादगार संध्या का आनंद लें तथा अपनी उपस्थिति से कलाकारों का उत्साहवर्धन करें।

