नर्मदापुरम पुलिस, राजस्व विभाग एवं आबकारी विभाग की संयुक्त कार्यवाही
दयाराम रिपोर्टर नर्मदापुरम।
अवैध एवं अमानक शराब के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित जिला दण्डाधिकारी आशीष वशिष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम दीपक कुमार शुक्ला द्वारा एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें पुलिस विभाग, राजस्व विभाग एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों को संयुक्त कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। जिला दण्डाधिकारी नर्मदापुरम एवं पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम के उक्त निर्देश के परिप्रेक्ष्य में पुलिस विभाग एवं आबकारी विभाग की संयुक्त कार्यवाही में अवैध एवं अमानक शराब के निर्माण, भंडारण, विक्रय एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही हेतु संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत नर्मदापुरम पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिले के चिन्हित हॉट स्पॉट क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस संपूर्ण अभियान के तहत थाना कोतवाली, थाना सोहागपुर, थाना देहात, थाना इटारसी, थाना स्टेशन रोड पिपरिया एवं थाना माखननगर क्षेत्र में ताबड़तोड़ दबिश देते हुए आबकारी अधिनियम के तहत कुल 35 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं तथा मौके से कुल 370.5 लीटर अवैध शराब जब्त कर लगभग 5150 किलोग्राम महुआ लाहन एवं शराब बनाने की भट्टियों को नष्ट किया गया।। अभियान के अंतर्गत थाना कोतवाली एवं आबकारी की संयुक्त टीम द्वारा अवैध शराब निर्माण के हॉट स्पॉट क्षेत्र सिकलीकर मोहल्ला एवं बालागंज में 24 से अधिक घरों में दबिश दी गई, जहाँ 5 प्रकरण तैयार कर 5 आरोपियों के कब्जे से 38 लीटर अवैध शराब तथा शराब बनाने के बर्तन, ड्रम, भट्टी के पाइप व कुप्पे आदि सामग्री जब्त की गई और मौके पर लगभग 1300 किलोग्राम महुआ लाहान एवं भट्टियों को नष्ट किया गया। इसी प्रकार थाना सोहागपुर क्षेत्र के बंगाली कॉलोनी एवं टूराखापा (डूडाखापा) स्थित हॉट स्पॉट क्षेत्रों में 15 घरों में दबिश देकर 4 प्रकरणों में 4 आरोपियों को पकड़ा गया, जिनके कब्जे से 25 लीटर अवैध शराब सहित शराब निर्माण में प्रयुक्त बर्तन, ड्रम, भट्टी के पाइप व कुप्पे जब्त किए गए तथा मौके पर लगभग 2500 किलोग्राम महुआ लाहान एवं भट्टियों को नष्ट किया गया। थाना देहात पुलिस एवं आबकारी टीम द्वारा अवैध शराब विक्रय के हॉट स्पॉट क्षेत्र हाउसिंग बोर्ड मोहल्ला, आदर्श नगर एवं हरियाली तिराहा में 10 स्थानों पर दबिश देते हुए 4 प्रकरण पंजीबद्ध कर 4 आरोपियों के कब्जे से कुल 175 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। इसके साथ ही थाना
इटारसी पुलिस द्वारा नाला मोहल्ला, गरीबी लाईन एवं झुग्गी न्यास कॉलोनी क्षेत्रों में दबिश देते हुए 8 प्रकरण पंजीबद्ध कर कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से 84.5 लीटर अवैध हाथभट्टी कच्ची शराब जब्त की गई तथा मौके पर लगभग 800 किलोग्राम महुआ लाहान नष्ट किया गया। थाना स्टेशन रोड पिपरिया क्षेत्र के कुचबंदिया मोहल्ला में संयुक्त टीम द्वारा दबिश देकर लगभग 20 स्थानों पर सघन तलाशी ली गई, जहाँ आबकारी अधिनियम के तहत कुल 06 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए एवं मौके पर करीब 300 किलोग्राम महुआ लाहान नष्ट किया गया। वहीं थाना माखननगर पुलिस एवं आबकारी की संयुक्त टीम द्वारा अवैध शराब निर्माण के हॉट स्पॉट क्षेत्र बागरा तवा, मानागाँव, दफाई मोहल्ला, कोटगांव, आवास कॉलोनी, ग्राम आरी एवं कुचबंदिया मोहल्ला के 15 घरों में दबिश देकर 8 प्रकरण तैयार कर 8 आरोपियों को पकड़ा गया, जिनके कब्जे से 48 लीटर कच्ची महुआ शराब एवं शराब बनाने के बर्तन, ड्रम, भट्टी के पाइप तथा 8 कुप्पे जब्त किए गए व मौके पर लगभग 250 किलोग्राम महुआ लाहन एवं 13 भट्टियों को नष्ट किया गया। अभियान के दौरान कुल 92 स्थानों पर दबिश देकर तलाशी की कार्यवाही की गई। संपूर्ण कार्यवाही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम के मार्गदर्शन एवं संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के पर्यवेक्षण में संबंधित थाना प्रभारियों एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई। जिले के अन्य थानों में भी यह कार्यवाही लगातार जारी है।

